तमिलनाडु : आदिवासी किसानों को गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए ICAR-SBI का प्रशिक्षण

कोयंबटूर: धर्मपुरी जिले की सिट्टिलिंगी घाटी में पिछले एक दशक के दौरान गन्ने के रकबे में तेज गिरावट आई है। इसे देखते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-गन्ना प्रजनन संस्थान (ICAR-SBI), कोयंबटूर ने आदिवासी समुदायों के बीच गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, यह ‘आदिवासी किसानों के लिए उन्नत गन्ना तकनीक (TISTT)’ कार्यक्रम 17 और 18 सितंबर को अनुसूचित जनजाति घटक के विकास कार्य योजना (DAPSTC) परियोजना के तहत आयोजित किया गया।

दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में तकनीकी सत्रों के साथ किसान-वैज्ञानिक संवाद और खेतों का व्यावहारिक अवलोकन शामिल रहा। किसानों को उन्नत गन्ना किस्मों और फसल प्रबंधन तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा गन्ना मशीनरी, गन्ने पर आधारित एकीकृत कृषि प्रणाली और गन्ने की बुआई से पहले सेट उपचार करने वाले उपकरण का प्रदर्शन भी किया गया। अवलूर, वेलानूर, कोरैयारू, पालाकुट्टई, कालीयांकोट्टई और सिट्टिलिंगी सहित विभिन्न आदिवासी बस्तियों के 20 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। उम्मीद है कि, प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और तकनीकों को ये प्रतिभागी अपनी-अपनी बस्तियों के अन्य किसानों तक पहुंचाएंगे।संस्थान ने प्रशिक्षण के दूसरे चरण के लिए 29 और 30 सितंबर की तारीख तय की है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ICAR-SBI के प्रधान वैज्ञानिक और नोडल अधिकारी डॉ. डी. पुथिरा प्रताप ने बताया कि यह पहल अप्रैल में संस्थान की ओर से सिट्टिलिंगी घाटी के किए गए क्षेत्रीय दौरे के बाद शुरू की गई। इस दौरान संस्थान की टीम ने गन्ने की खेती करने वाले मलयाली आदिवासी किसानों से बातचीत की थी। ये किसान अपनी उपज हरूर स्थित सुब्रमणिया शिवा सहकारी चीनी मिल को आपूर्ति करते हैं। उन्होंने बताया कि, किसानों से मिले फीडबैक और क्षेत्र में सामने आई समस्याओं के आधार पर दो चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र विशेष की चुनौतियों का समाधान करना है।

प्रताप के अनुसार, धर्मपुरी में गन्ने की खेती का क्षेत्रफल 2011 में 7,000 हेक्टेयर से घटकर 2024-25 में 2,674 हेक्टेयर रह गया है। सूखा, पानी की कमी, श्रमिकों से जुड़ी समस्याएं और सफेद गिडार (White Grub) का प्रकोप गन्ने के रकबे में गिरावट के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। तमिलनाडु में गन्ने की खेती में आदिवासी किसानों की भागीदारी अभी सीमित है। हालांकि, धर्मपुरी में गन्ने से मिलने वाला अच्छा चीनी उतारा इसे संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में सूखे की स्थिति में फसल प्रबंधन, सफेद गिडार के नियंत्रण और उपयुक्त कृषि मशीनीकरण को विशेष महत्व दिया गया।

प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में ICAR-SBI के निदेशक डॉ. पी. गोविंदराज ने अन्य राज्यों की तुलना में तमिलनाडु के गन्ना क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने किसानों से नई और अधिक उपज देने वाली गन्ना किस्मों को अपनाने तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन तकनीकों का इस्तेमाल करने का आग्रह किया, ताकि उभरती कीट एवं रोग समस्याओं से निपटने के साथ खेती से किसानों का लाभ भी बढ़ाया जा सके।

संस्थान ने हाल ही में जारी की गई अधिक उपज देने वाली मध्य-देर अवधि की गन्ना किस्म Co 21003 का बीज पदार्थ भी सुब्रमणिया शिवा सहकारी चीनी मिल को उपलब्ध कराया है। मिल इस बीज सामग्री का गुणन करेगी और इसके बाद इसे गन्ना किसानों के बीच वितरित किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here