तमिलनाडु : बारिश से रामनाथपुरम में ताड़ गुड़ उत्पादन प्रभावित, कीमत 350 रुपये प्रति किलो तक पहुंची

रामनाथपुरम: तमिलनाडु के प्रमुख ताड़ (पल्मायरा) गुड़ उत्पादक जिलों में शामिल रामनाथपुरम में इस सीजन उत्पादन में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, विशेषकर सीजन पूर्व पर्याप्त बारिश न होने और कटाई अवधि के दौरान बेमौसम वर्षा के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे किसानों और ताड़ श्रमिकों की आजीविका पर असर पड़ा है तथा बाजार में गुड़ की कीमतों में तेजी आई है।रामनाथपुरम जिला हर वर्ष लगभग 1,000 टन ताड़ गुड़ (करुपट्टी) का उत्पादन करता है और ताड़ चीनी उत्पादन में भी राज्य के अग्रणी जिलों में गिना जाता है। सामान्य तौर पर करुपट्टी उत्पादन का सीजन मार्च से शुरू होकर जून या जुलाई तक चलता है, लेकिन इस वर्ष मौसम की मार के चलते उत्पादन काफी कम हो गया है।

ताड़ गुड़ उत्पादक एम. जयापांडियन ने ‘द न्यू इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि, पेड़ों से प्राप्त होने वाले रस (नीरा) की मात्रा में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा, सामान्य परिस्थितियों में एक किसान प्रतिदिन लगभग 20 किलोग्राम गुड़ का उत्पादन कर सकता है, लेकिन इस वर्ष कम रस मिलने के कारण हम केवल 6 से 7 किलोग्राम प्रतिदिन ही उत्पादन कर पाए। उन्होंने यह भी कहा कि, गर्मियों के दौरान बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण कटाई का सीजन कुछ सप्ताह और बढ़ सकता है, जिससे वर्तमान कमी की आंशिक भरपाई होने की उम्मीद है। हालांकि स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों का कहना है कि, उत्पादन घटने के बावजूद लागत में कोई कमी नहीं आई है। एक सीजन के लिए 100 से 150 ताड़ के पेड़ों को पट्टे पर लेने में 5,000 से 10,000 रुपये तक खर्च होते हैं, जबकि श्रम लागत पर करीब 10,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। उत्पादन में कमी के कारण कई उत्पादकों के लिए अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।उत्पादन घटने से बाजार में आपूर्ति कम हुई है, जिससे कीमतों में तेजी आई है। रामनाथपुरम पाम बोर्ड के समन्वयक और किसान पी. सतैयाह ने बताया कि वर्तमान में ताड़ गुड़ 300 से 350 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रहा है, जबकि पिछले वर्ष इसकी कीमत लगभग 250 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

उन्होंने कहा, उत्पादन में गिरावट के कारण कीमतें बढ़ी हैं। खरीद मूल्य भी बढ़ गया है, जिसके चलते खुले बाजार में ताड़ गुड़ 400 से 430 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है।”किसानों ने राज्य सरकार से ताड़ के पेड़ों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में ताड़ के पेड़ नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा किसानों ने ताड़ गुड़ और अन्य ताड़ उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), सरकारी खरीद व्यवस्था तथा ताड़ श्रमिकों की आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here