चेन्नई: चीनी और डिस्टिलरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ईआईडी-पैरी (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी संपत्ति के पुनर्गठन और कारोबार को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति के तहत तमिलनाडु स्थित शिवगंगा डिस्टिलरी इकाई को एसवीराजू एग्रो प्राइवेट लिमिटेड को बेचने की मंजूरी दे दी है। कंपनी द्वारा बीएसई को दी गई जानकारी के अनुसार, इस सौदे का प्रस्तावित मूल्य 45.9 करोड़ रुपये है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 13 नवंबर को हुई बैठक में इस सौदे को मंजूरी दी। यह बिक्री स्लंप सेल के माध्यम से एक चालू व्यवसाय (Going Concern) के रूप में की जाएगी। इसमें इकाई के कर्मचारी, संपत्तियां, लाइसेंस, परमिट, बीमा पॉलिसियां, अनुबंध, अधिकार और देनदारियां भी शामिल होंगी।
तीन महीने में सौदा पूरा करने की योजना
प्रस्तावित सौदा वित्तीय और कानूनी जांच, निर्धारित पूर्व शर्तों की पूर्ति तथा आवश्यक अनुमतियों और सहमतियों पर निर्भर करेगा। कंपनी के अनुसार, निदेशक मंडल की मंजूरी के 30 दिनों के भीतर बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। वहीं, सभी लागू शर्तें पूरी होने के बाद तीन महीने के भीतर बिक्री प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।
कंपनी की कुल आय में शिवगंगा इकाई की हिस्सेदारी करीब 3 प्रतिशत
तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के उडैकुलम गांव में स्थित इस डिस्टिलरी इकाई ने वित्त वर्ष 2025-26 में 119.58 करोड़ रुपये की कुल आय अर्जित की थी। यह उस वर्ष EID पैरी की कुल आय का लगभग 3 प्रतिशत था। 31 मार्च 2026 तक इस इकाई में कंपनी का निवेश करीब 9.84 करोड़ रुपये था, जो कंपनी की कुल नेटवर्थ का लगभग 0.52 प्रतिशत है।
गन्ने और शीरे की उपलब्धता में कमी से संचालन प्रभावित
ईआईडी पैरी ने बताया कि, शिवगंगा इकाई एक स्वतंत्र डिस्टिलरी है, जो मुख्य रूप से कच्चे माल के रूप में शीरे (Molasses) पर निर्भर है। तमिलनाडु में गन्ने और शीरे की उपलब्धता घटने के कारण इकाई के संचालन में चुनौतियां सामने आई हैं। इसके अलावा, दूसरे राज्यों से शीरा मंगाने की लागत और आर्थिक व्यवहार्यता भी कारोबार को प्रभावित कर रही है।
कंपनी का कहना है कि इस बिक्री के माध्यम से वह अपनी संपत्ति का बेहतर मूल्य हासिल करना चाहती है, कारोबार के पोर्टफोलियो को अनुकूल बनाना चाहती है और उपलब्ध संसाधनों को अपने मुख्य तथा रणनीतिक कारोबार में अधिक प्रभावी ढंग से लगा सकेगी।
एसवीराजू एग्रो कंपनी खरीदार, संबंधित पक्ष का लेनदेन नहीं
प्रस्तावित खरीदार एसवीराजू एग्रो प्राइवेट लिमिटेड का गठन 29 सितंबर 2026 को हुआ था। EID पैरी ने स्पष्ट किया है कि खरीदार कंपनी के प्रमोटर या प्रमोटर समूह से संबंधित नहीं है। इसलिए यह सौदा संबंधित पक्ष (Related Party) का लेनदेन नहीं है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, खरीदार कंपनी के प्रमोटरों के विनिर्माण, व्यापार और रियल एस्टेट क्षेत्रों में व्यावसायिक हित हैं। इसके अलावा उन्हें डिस्टिलरी उद्योग का अनुभव भी है।
पूरा भुगतान नकद में, शेयरधारिता पर असर नहीं
ईआईडी पैरी के अनुसार, यह सौदा पूरी तरह नकद भुगतान के आधार पर होगा। इसके तहत कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिवगंगा डिस्टिलरी इकाई की बिक्री के बाद उसकी शेयरधारिता संरचना में कोई बदलाव नहीं होगा।


















