सेलम : गन्ना किसानों और किसान संगठनों ने राज्य सरकार से वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन के लिए घोषित 709.50 रुपये प्रति टन का विशेष प्रोत्साहन अनुदान दीपावली से पहले जारी करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि, गन्ना वर्ष 30 सितंबर को समाप्त हो चुका है। ऐसे में प्रोत्साहन राशि समय पर मिलने से आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य सरकार ने इस विशेष प्रोत्साहन योजना के लिए 603.34 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 3,290.50 रुपये प्रति टन के न्यूनतम उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) को मिलाकर पात्र किसानों को कुल 4,000 रुपये प्रति टन गन्ने का भुगतान मिलेगा।
पिछले सीजन की तुलना में बढ़ाया गया प्रोत्साहन
गन्ना वर्ष सामान्यतः 1 अक्टूबर से 30 सितंबर तक होता है, हालांकि अलग-अलग चीनी मिलों में पेराई शुरू होने का समय अलग रहता है। तमिलनाडु सरकार ने विशेष प्रोत्साहन राशि 349 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 709.50 रुपये प्रति टन कर दी है। इससे वर्ष 2025-26 के दौरान गन्ना आपूर्ति करने वाले लगभग 9,000 पंजीकृत किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।तमिलनाडु में 2025-26 के पेराई सीजन के दौरान कुल 29 चीनी मिलें संचालित हुईं। इनमें 12 सहकारी चीनी मिलें, दो सार्वजनिक क्षेत्र की मिलें और लगभग 15 निजी चीनी मिलें शामिल हैं। राज्य में औसत चीनी रिकवरी दर लगभग 9 प्रतिशत रही।केवल चार चीनी मिलों में रिकवरी दर 9.5 प्रतिशत से कुछ अधिक दर्ज की गई। इनमें धर्मपुरी स्थित सुब्रमणिया शिवा सहकारी चीनी मिल ने सबसे अधिक रिकवरी दर्ज की। अन्य अधिकांश मिलों को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को 3,290.50 रुपये प्रति टन की न्यूनतम एफआरपी मिली है। अब ये किसान राज्य सरकार की विशेष प्रोत्साहन राशि का इंतजार कर रहे हैं।
केंद्र ने 3,550 रुपये प्रति टन एफआरपी की थी निर्धारित
केंद्र सरकार प्रत्येक पेराई सीजन से पहले कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) की सिफारिशों के आधार पर गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) निर्धारित करती है। वर्ष 2025-26 के सीजन के लिए केंद्र सरकार ने 10.25 प्रतिशत की मूल चीनी रिकवरी दर के आधार पर एफआरपी 3,550 रुपये प्रति टन तय की थी।चीनी रिकवरी दर में प्रत्येक 0.1 प्रतिशत की वृद्धि या कमी के अनुसार एफआरपी में भी बदलाव होता है। हालांकि, 9.5 प्रतिशत से कम रिकवरी दर होने पर किसानों के भुगतान में कोई कटौती नहीं की जाती। ऐसे किसानों को न्यूनतम 3,290.50 रुपये प्रति टन एफआरपी की गारंटी दी गई है।
कम बारिश से आर्थिक संकट, दीपावली से पहले भुगतान की मांग
नमक्कल जिले के गन्ना किसान आर. वेलुसामी, जो मोहनूर सहकारी चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करते हैं, ने सरकार से दीपावली से पहले विशेष प्रोत्साहन राशि जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कम बारिश के कारण किसान आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में प्रोत्साहन राशि मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
बिचौलियों के कारण वास्तविक किसानों को लाभ से वंचित रहने का खतरा
विवसाय मुन्नेत्र कझगम के महासचिव के. बालासुब्रमण्यम ने बताया कि, चीनी मिलों में पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि, कुछ बिचौलिए बड़ी मात्रा में गन्ना खरीदकर अपने नाम से उसकी आपूर्ति दर्ज कराते हैं।इससे वास्तविक गन्ना उत्पादक किसानों को सरकारी प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी सूचियों की उचित जांच की जाए और प्रोत्साहन राशि केवल उन्हीं किसानों तक पहुंचे, जिन्होंने वास्तव में गन्ने की खेती की और मिलों को उसकी आपूर्ति की है।
87 लाख टन गन्ने की पेराई, किसानों को प्रोत्साहन देने की मांग
तमिलनाडु कावेरी किसान संरक्षण संघ के सचिव एस. विमलनाथन ने बताया कि, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद इस सीजन में लगभग 87 लाख टन गन्ने की पेराई की गई है। उन्होंने भी सरकार से दीपावली से पहले प्रोत्साहन राशि जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चीनी की कीमत लगभग 42 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो से अधिक हो गई है। इसके अलावा चीनी मिलों को इथेनॉल, अल्कोहल और बिजली उत्पादन जैसे सह-उत्पादों से भी आय होती है। उन्होंने कहा कि किसानों का चीनी उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी पात्र गन्ना उत्पादकों तक विशेष प्रोत्साहन राशि पहुंचाना सुनिश्चित करना चाहिए।
जिला समितियों की मंजूरी के बाद होगा भुगतान
चीनी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, राज्य की सभी चीनी मिलों में पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है। कुछ मिलों ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है। हालांकि, भुगतान शुरू करने से पहले संबंधित जिलों की समितियों द्वारा इन सूचियों की जांच और मंजूरी दी जाएगी। अधिकारी ने बताया कि प्रोत्साहन राशि के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। जिला स्तरीय समितियों द्वारा सत्यापन पूरा कर अनुमोदित सूचियां भेजे जाने के बाद जल्द से जल्द राशि वितरित की जाएगी। पात्र किसानों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सीधे राशि जमा की जाएगी। इस प्रक्रिया में तमिलनाडु ई-गवर्नेंस एजेंसी सहयोग करेगी।


















