तेलंगाना : सोहम एग्रो की जनसुनवाई से पहले पुलिस ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को हिरासत में लिया

नलगोंडा: नलगोंडा जिले के वीरलापलेम गांव में सोहम एग्रो इंडस्ट्रीज से जुड़ी जनसुनवाई से पहले पुलिस ने कथित तौर पर तड़के कार्रवाई करते हुए कई ग्रामीणों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और नागरिक समाज संगठनों ने नाराजगी जताई है। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई जनसुनवाई में उनकी भागीदारी रोकने के उद्देश्य से की गई थी। आरोपों के मुताबिक, वाडापल्ली पुलिस सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों के घरों में पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में निनावत सिपाई और वार्ड सदस्य अल्लम नागराजू, गुंजा रामैया, अंगोथु बालू, रूपावत सायडू तथा रामावत विनोद शामिल बताए गए हैं।

इस कार्रवाई से हिरासत में लिए गए लोगों के परिजनों में चिंता फैल गई। परिवार के सदस्यों ने कहा कि, उन्हें अपने परिजनों के ठिकाने को लेकर चिंता है। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस की कथित कार्रवाई की कड़ी निंदा की। ह्यूमन राइट्स फोरम (HRF) और जन विज्ञान वेदिका के कार्यकर्ताओं ने भी हिरासत की कार्रवाई पर सवाल उठाए। तेलंगाना पीपुल्स जॉइंट एक्शन कमेटी (TPJAC) के सह-संयोजक कन्नेगंटी रवि और के. रविचंदर ने हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इन लोगों को जनसुनवाई में शामिल होने की अनुमति दी जानी चाहिए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पूरा विवाद सोहम एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से तेलंगाना के नलगोंडा जिले के वीरलापलेम गांव में 108 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित 750 करोड़ रुपये की अनाज आधारित डिस्टिलरी परियोजना को लेकर है। इस परियोजना के तहत प्रतिदिन 400 किलोलीटर इथेनॉल, 200 किलोलीटर एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) और 15 मेगावाट क्षमता का सह-उत्पादन बिजली संयंत्र स्थापित करने की योजना है। किसानों और स्थानीय निवासियों ने इस परियोजना का विरोध किया है। उनका कहना है कि इससे भूजल स्तर में गिरावट, प्रदूषण और उपजाऊ कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने का खतरा है। ग्रामीणों ने परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रिपोर्ट में पर्यावरण से जुड़े संभावित जोखिमों को कम करके दिखाया गया है। अनिवार्य जनसुनवाई से पहले ग्रामीणों और प्रभावित पक्षों ने इस मामले को तेलंगाना हाई कोर्ट और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के समक्ष भी उठाया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here