केंद्र सरकार ने नियमों के अनुरूप वाहनों में 100% एथेनॉल के इस्तेमाल को दी मंजूरी

नई दिल्ली: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन करते हुए वाहनों में 100 प्रतिशत एथेनॉल (E100) वाले ईंधन के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। इस फैसले से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के उपयोग का रास्ता साफ हुआ है। ऐसे वाहन पेट्रोल, अलग-अलग अनुपात में एथेनॉल मिश्रित ईंधन और शुद्ध एथेनॉल से चलने में सक्षम होते हैं। मंत्रालय ने नियम 115 और नियम 115E में संशोधन किया है। नियम 115 में मोटर वाहनों के उत्सर्जन मानकों और उनसे जुड़ी आवश्यकताओं का उल्लेख है, जबकि नियम 115E में उत्सर्जन परीक्षण से संबंधित अतिरिक्त प्रावधान शामिल हैं।

E85 के साथ अब E100 ईंधन का भी उल्लेख

ChiniMandi WhatsApp Channel

संशोधन के तहत नियम 115 की कई तालिकाओं में E85 के साथ E100 को भी शामिल किया गया है। E85 ऐसे ईंधन को कहा जाता है, जिसमें अधिकतम 85 प्रतिशत एथेनॉल होता है। वहीं, E100 का अर्थ लागू ईंधन मानकों के अनुरूप 100 प्रतिशत एथेनॉल वाले ईंधन से है। नए प्रावधानों में स्पष्ट किया गया है कि E85 या E100 ईंधन का इस्तेमाल उन्हीं वाहनों में किया जाना चाहिए, जिन्हें मूल उपकरण निर्माता (OEM) ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहन के रूप में डिजाइन किया है।इस बदलाव से एथेनॉल आधारित ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलने और वैकल्पिक ईंधन तकनीक के विकास को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

मौजूदा वाहनों को E85 इस्तेमाल करना अनिवार्य नहीं

मंत्रालय ने वाहन चालकों की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि, केवल E10 या E20 ईंधन के अनुकूल होने से कोई वाहन E85 के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त नहीं हो जाता।मंत्रालय के अनुसार, इस अधिसूचना के तहत मौजूदा वाहन मालिकों को न तो अभी और न ही भविष्य में अपने वाहनों में E85 ईंधन का इस्तेमाल करना अनिवार्य है। इसके अलावा, वाहनों में इस ईंधन के इस्तेमाल के लिए बदलाव करना भी जरूरी नहीं किया गया है।यह स्पष्टीकरण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि E20 ईंधन को लेकर वाहन चालकों के बीच अनुकूलता और सुरक्षा से संबंधित सवाल उठते रहे हैं।

ईंधन भरवाने से पहले वाहन की अनुकूलता जांचें

मंत्रालय ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि, वे पेट्रोल पंप पर ईंधन का चयन करने से पहले अपने वाहन पर लगे फ्यूल कम्पैटिबिलिटी स्टिकर की जांच करें। इसके साथ ही वाहन निर्माता की ओर से दी गई मालिक पुस्तिका (ओनर मैनुअल) में दिए गए निर्देशों का पालन करें। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि चुना गया ईंधन संबंधित वाहन के इंजन और तकनीकी जरूरतों के अनुकूल है।

E20 ईंधन के वर्गीकरण में भी सुधार

संशोधन के तहत ईंधन के वर्गीकरण से जुड़े कुछ विवरणों में भी सुधार किया गया है। इसमें पहले के E10 संबंधी उल्लेख के स्थान पर 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E20 का संदर्भ शामिल किया गया है। सरकार के इस कदम से ए एथेनॉल आधारित ईंधन के लिए नियामकीय व्यवस्था को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी। हालांकि, E85 और E100 का इस्तेमाल केवल उन वाहनों में किया जाना चाहिए, जिन्हें संबंधित ईंधन के अनुरूप तैयार किया गया है। सामान्य पेट्रोल वाहनों के लिए ईंधन निर्माता और वाहन निर्माता के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here