नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने चीनी मिलों द्वारा मासिक स्टॉक सीमा और घरेलू बिक्री कोटे के नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने 13 नवंबर 2026 को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि, निर्धारित स्टॉक सीमा से अधिक चीनी बेचने या भेजने वाली मिलों के अतिरिक्त बिक्री वाले स्टॉक की कटौती अगले महीने के घरेलू रिलीज कोटे से की जाएगी।यह आदेश सभी चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रबंध निदेशकों को जारी किया गया है। सरकार ने 28 मार्च 2025 को जारी पुराने पत्र के स्थान पर नए दिशा-निर्देश लागू किए हैं।
स्टॉक सीमा का उल्लंघन करने पर अगले महीने के कोटे में कटौती
विभाग के अनुसार, चीनी मिलों द्वारा NSWS पोर्टल पर P-II फॉर्म के माध्यम से जमा किए गए आंकड़ों और GSTN से API के जरिए प्राप्त बिक्री संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है। इस विश्लेषण में सामने आया है कि, कुछ समूहों की चीनी मिलें और व्यक्तिगत मिलें बार-बार निर्धारित स्टॉक सीमा का उल्लंघन कर रही हैं। पहले भी निर्देश जारी किए जाने और घरेलू रिलीज कोटे में कटौती किए जाने के बावजूद ऐसे मामले सामने आए हैं।
यदि कोई व्यक्तिगत चीनी मिल या मिल समूह किसी महीने की निर्धारित स्टॉक सीमा से अधिक चीनी बेचता या भेजता है अथवा आवंटित घरेलू रिलीज कोटे से अधिक बिक्री करता है, तो अतिरिक्त मात्रा अगले महीने के घरेलू रिलीज कोटे से घटाई जाएगी।यदि मिल के पास पर्याप्त स्टॉक नहीं होने के कारण एक महीने में पूरी अतिरिक्त मात्रा की कटौती संभव नहीं होती है, तो शेष मात्रा अगले महीने और उसके बाद के महीनों में तब तक समायोजित की जाएगी, जब तक पूरी अतिरिक्त बिक्री की मात्रा की कटौती नहीं हो जाती।
भौतिक सत्यापन और कानूनी कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केंद्र और राज्य सरकारों की संयुक्त टीमें चीनी मिलों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली मिलों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाली मिलों को अतिरिक्त कोटा आवंटित नहीं किया जाएगा। संबंधित गन्ना आयुक्त या राज्य सरकार की सिफारिश होने के बावजूद ऐसी मिलों को अतिरिक्त आवंटन देने पर विचार नहीं किया जाएगा।
एक साल में तीन बार उल्लंघन पर सरकारी योजनाओं के लाभ बंद
सरकार ने एक वर्ष के भीतर दो से अधिक बार मासिक स्टॉक सीमा का उल्लंघन करने वाली मिलों के खिलाफ और कड़े प्रावधान किए हैं।ऐसी मिलों को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की किसी भी योजना के तहत लाभ नहीं दिया जाएगा। इसमें लागू होने की स्थिति में निर्यात कोटा और प्रोत्साहन योजनाओं के लाभ भी शामिल होंगे। यह प्रतिबंध उल्लंघन की तीसरी घटना वाले महीने से प्रभावी होगा और संबंधित योजना के प्रावधानों के अधीन रहेगा।उदाहरण के तौर पर, यदि निर्यात कोटे की अधिसूचना 1 दिसंबर 2026 को जारी होती है, तो उससे पहले के एक वर्ष यानी 1 दिसंबर 2025 से 30 नवंबर 2026 तक के उल्लंघनों को गिना जाएगा। इस अवधि में तीसरी बार नियम तोड़ने वाली मिल निर्यात कोटे के आवंटन के लिए अपात्र हो जाएगी।
राज्य सरकारें भी करेंगी कार्रवाई
नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाली मिलों के खिलाफ संबंधित राज्य सरकारों को भी कार्रवाई करने की सलाह दी जाएगी। इसमें पेराई लाइसेंस जारी नहीं करना, मिल से जुड़े गन्ना क्षेत्र में कमी करना अथवा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत अन्य उपयुक्त कार्रवाई शामिल हो सकती है।लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाली मिलों को IEM में पेराई क्षमता में संशोधन या स्वामित्व हस्तांतरण को छोड़कर नाम परिवर्तन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी जारी नहीं किया जा सकता।
90 प्रतिशत से कम कोटा इस्तेमाल करने पर भी कार्रवाई
यदि कोई चीनी मिल किसी महीने में आवंटित घरेलू रिलीज कोटे के 90 प्रतिशत से कम का उपयोग करती है और उस महीने की 20 तारीख तक विभाग को इसकी पूर्व सूचना नहीं देती, तो अगले महीने का कोटा सीमित कर दिया जाएगा।अगले महीने का आवंटन उस मिल द्वारा पिछले महीने हासिल किए गए कोटा उपयोग के प्रतिशत के आधार पर तय होगा।
GST रिटर्न में HSN कोड का विवरण देना अनिवार्य
सरकार ने चीनी मिलों के लिए GST और HSN कोड से संबंधित रिपोर्टिंग नियमों का पालन अनिवार्य कर दिया है।जिन मिलों ने अपने मासिक GSTR-1 रिटर्न के टेबल-12 में चीनी की बिक्री और डिस्पैच का सही HSN कोड के अनुसार विवरण नहीं दिया है, उन्हें घरेलू रिलीज कोटा आवंटित नहीं किया जाएगा।जब तक संबंधित मिल सही विवरण जमा नहीं करती और विभाग उसकी जांच कर अनुपालन की पुष्टि नहीं करता, तब तक उसका घरेलू रिलीज कोटा निलंबित रहेगा।
अतिरिक्त कोटे के लिए नई शर्तें
सरकार ने अतिरिक्त कोटा आवंटन के लिए भी कड़े नियम तय किए हैं। जिन मिलों के घरेलू कोटे या कोटा अदला-बदली (स्वैपिंग) से जुड़े समायोजन लंबित हैं, उनके अतिरिक्त कोटे के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।इसके अलावा, यदि किसी मिल ने किसी व्यापारी, एजेंट या थोक उपभोक्ता को चीनी बेचने के बाद सात दिनों से अधिक समय तक अपने परिसर में उसका स्टॉक रखा है, तो भी अतिरिक्त आवंटन के अनुरोध पर विचार नहीं होगा।इस नियम के तहत बिक्री की तारीख वह मानी जाएगी, जिस दिन संबंधित चीनी मिल बिक्री का इनवॉइस तैयार या जारी करेगी।
ऐसी मिलों को भी अतिरिक्त कोटा नहीं दिया जाएगा, जिन्होंने ऐसे व्यापारी के साथ बिक्री का सौदा किया है, जो DFPD के स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर पंजीकृत नहीं है।
अतिरिक्त कोटा एक बार में अधिकतम एक महीने के लिए ही दिया जा सकेगा। इसके लिए राज्य सरकार या संबंधित गन्ना आयुक्त की सिफारिश आवश्यक होगी। यदि एक महीने से अधिक अवधि के लिए सिफारिश की जाती है, तो भी अनुरोध पर केवल एक महीने के लिए विचार किया जाएगा। आगे के आवंटन के लिए नए सिरे से आवेदन और निर्धारित शर्तों का अनुपालन जरूरी होगा।सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार या गन्ना आयुक्त की सिफारिश से किसी मिल को अतिरिक्त कोटे का स्वतः अधिकार नहीं मिल जाएगा।
लीज पर रखे गए चीनी स्टॉक की सूचना तीन दिन में देनी होगी
यदि कोई चीनी मिल किसी थोक उपभोक्ता, एजेंट या व्यापारी को बेची गई चीनी अपने गोदाम में लीज समझौते के तहत रखती है, तो उसे तीन दिनों के भीतर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग को इसकी सूचना देनी होगी।सूचना में रखी गई चीनी की मात्रा और उसे कितने समय तक गोदाम में रखा जाएगा, इसका विवरण देना होगा। साथ ही लीज समझौते की प्रति भी जमा करनी होगी।यदि मिल इस संबंध में विभाग को सूचना नहीं देती और भौतिक सत्यापन के दौरान ऐसा स्टॉक पाया जाता है, तो उसे संबंधित चीनी मिल के अपने स्टॉक का हिस्सा माना जाएगा।
GST में ट्रेडिंग बिक्री दिखाने से नहीं मिलेगी छूट
सरकार ने स्पष्ट किया है कि P-II फॉर्म या GST आंकड़ों में दर्ज मासिक घरेलू रिलीज कोटे से अधिक चीनी की बिक्री को संबंधित मिल की कुल बिक्री का हिस्सा माना जाएगा।यदि कोई मिल आवंटित घरेलू कोटे से अधिक चीनी बेचती है, तो उसे मिल की बिक्री ही माना जाएगा। यह नियम तब भी लागू होगा, जब मिल GST रिटर्न में अतिरिक्त मात्रा को सीधे बिक्री के बजाय ट्रेडिंग बिक्री के रूप में दिखाती है।ऐसी पूरी अतिरिक्त मात्रा को मिल की कुल घरेलू बिक्री में शामिल किया जाएगा और इसे मासिक स्टॉक सीमा का उल्लंघन माना जाएगा।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे दिशा-निर्देश
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये दिशा-निर्देश पत्र जारी होने की तारीख यानी 13 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगे। सभी चीनी मिलों को मासिक स्टॉक सीमा संबंधी आदेशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया गया है। नियमों का पालन नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ निर्धारित कार्रवाई की जाएगी।यह पत्र निदेशक (चीनी एवं वनस्पति तेल) अरविंद कुमार रावत की ओर से जारी किया गया है।

















