नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने अनाज आधारित एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने और आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खाद्य मंत्रालय ने आगामी एथेनॉल सीजन के लिए भारतीय खाद्य निगम (FCI) के सरकारी भंडार से 72 लाख टन चावल डिस्टिलरियों के लिए आरक्षित किया है। यह मात्रा 2025-26 के आपूर्ति वर्ष में आवंटित 52 लाख टन से अधिक है। इसके अलावा, सरकार ने 100 प्रतिशत टूटे हुए चावल की अतिरिक्त 55 लाख टन मात्रा को ई-नीलामी के जरिए बिक्री के लिए आवंटित किया है। एथेनॉल उत्पादक इस चावल की खरीद कर सकेंगे, जिससे जैव ईंधन उत्पादन अधिक लाभदायक हो सकता है।
जैव ईंधन को बढ़ावा…
सूत्रों के अनुसार, खाद्य मंत्रालय ने 16 जुलाई को भारतीय खाद्य निगम (FCI) को भेजे एक पत्र में बताया कि सक्षम प्राधिकरण ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2026-27 के दौरान एथेनॉल डिस्टिलरियों को उत्पादन के लिए 72 लाख टन चावल ₹2,390 प्रति क्विंटल की दर से बेचने की मंजूरी दी है। ESY 2026-27 नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 तक चलेगा। इसके अलावा, राइस मिलिंग ट्रांसफॉर्मेशन (RMT) योजना के तहत तैयार होने वाले टूटे हुए चावल की खुले बाजार में ई-नीलामी के जरिए बिक्री के लिए 55 लाख टन चावल आरक्षित किया गया है। इससे पहले 2 जुलाई को सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के तहत बेचे जाने वाले चावल और गेहूं के लिए आरक्षित मूल्य तय किए थे। इनमें RMT चावल के लिए ₹2,000 प्रति क्विंटल का आधार आरक्षित मूल्य शामिल था। हालांकि, सरकार ने कहा है कि डायनेमिक रिजर्व प्राइस (DRP) का निर्धारण हर तिमाही एक समिति द्वारा किया जाएगा।
लागत में मिल सकता है लाभ…
यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को FCI के चावल से बने इथेनॉल की खरीद ₹58.5 प्रति लीटर की दर से करनी होती है। वहीं, टूटे हुए चावल से तैयार एथेनॉल के लिए खरीद मूल्य ₹64 प्रति लीटर है।उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार, ई-नीलामी के जरिए बेचे जाने वाले FCI के 100 प्रतिशत टूटे हुए चावल के उपयोग पर कोई विशेष प्रतिबंध या नियामक व्यवस्था नहीं है। ऐसे में इस चावल का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन के लिए भी किया जा सकता है, जिससे डिस्टिलरियों की अर्थव्यवस्था में सुधार हो सकता है।
सरकार मौजूदा 20 प्रतिशत एथेनॉल-मिश्रण लक्ष्य से आगे पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की हिस्सेदारी बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए परीक्षण और ट्रायल चल रहे हैं। ऐसे में यदि कमजोर मानसून के कारण गन्ने और मक्का का उत्पादन प्रभावित होता है, तो सरकारी भंडार में मौजूद चावल एथेनॉल की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद कर सकता है।करीब 2,000 करोड़ लीटर के वार्षिक एथेनॉल उत्पादन के मुकाबले, 20 प्रतिशत मिश्रण लक्ष्य को पूरा करने के लिए तेल विपणन कंपनियों को हर साल 1,050-1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की आवश्यकता होती है।
राज्य सरकारों और अन्य संस्थाओं के लिए भी आवंटन
राज्य सरकारों, उनकी एजेंसियों और बिना ई-नीलामी के सामुदायिक रसोई के लिए चावल की बिक्री हेतु सरकार ने जुलाई से अक्टूबर के दौरान ₹2,320 प्रति क्विंटल की दर से 16 लाख टन और नवंबर 2026 से जून 2027 के दौरान ₹2,390 प्रति क्विंटल की दर से अतिरिक्त 32 लाख टन चावल आवंटित किया है। हालांकि, सरकार ने नेफेड (NAFED), एनसीसीएफ (NCCF) और केंद्रीय भंडार जैसी राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं को ‘भारत’ ब्रांड के तहत खुदरा बिक्री के लिए आवंटन फिलहाल टाल दिया है। सरकार ने कहा है कि इसकी मात्रा की जानकारी बाद में दी जाएगी। इन एजेंसियों ने पहले सरकारी अधिसूचित कीमतों पर ‘भारत’ चावल बेचा था।
केंद्र ने ई-नीलामी के जरिए निजी पक्षों और सहकारी संस्थाओं को चावल बेचने के लिए भी 25 लाख टन का आवंटन किया है। जुलाई से अक्टूबर के दौरान इसका आरक्षित मूल्य ₹2,660-2,890 प्रति क्विंटल और नवंबर 2026 से जून 2027 के दौरान ₹2,740-2,970 प्रति क्विंटल रखा गया है। इस आवंटन के तहत छोटे निजी व्यापारी, उद्यमी और व्यक्ति जुलाई से अक्टूबर के दौरान ₹2,890 प्रति क्विंटल और नवंबर 2026 से जून 2027 के दौरान ₹2,970 प्रति क्विंटल की दर से चावल खरीद सकेंगे।
खाद्य मंत्रालय ने खुले बाजार में ई-नीलामी के जरिए 10 प्रतिशत टूटे हुए दाने वाले 20 लाख टन चावल की बिक्री का भी फैसला किया है। इसका आरक्षित मूल्य जुलाई से अक्टूबर के दौरान ₹3,090 प्रति क्विंटल और नवंबर 2026 से जून 2027 के दौरान ₹3,180 प्रति क्विंटल रखा गया है।


















