सरकार 2027 तक E21 ईंधन लागू करने पर कर रही विचार, एथेनॉल मिश्रण सीमा 25 प्रतिशत तक हो सकती है तय

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और जिम्मेदार खपत पर लगातार जोर दिए जाने के बीच केंद्र सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के अगले चरण पर आंतरिक स्तर पर चर्चा कर रही है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार 2027 तक E21 मिश्रित पेट्रोल लागू करने की रूपरेखा तैयार कर रही है, जबकि 2029 तक E25 मिश्रण का लक्ष्य तय किया जा सकता है। बिजनेस टुडे में प्रकाशित खबर के अनुसार, सूत्रों ने यह भी संकेत दिए हैं कि सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की अधिकतम सीमा 25 प्रतिशत तक तय कर सकती है।

मामले से जुड़े एक सूत्र ने ‘बिजनेस टुडे’ को बताया कि, अधिक एथेनॉल मिश्रण की ओर बदलाव चरणबद्ध और संतुलित तरीके से किया जाएगा, ताकि ऑटोमोबाइल उद्योग को इंजन, सप्लाई चेन और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। एक अन्य सूत्र ने कहा कि, सरकार वाहन अनुकूलता और माइलेज दक्षता से जुड़ी चिंताओं को लेकर गंभीर है। इसलिए पूरी प्रक्रिया उद्योग की तैयारी के अनुसार धीरे-धीरे आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि मौजूदा व्यवस्था पर अचानक कोई असर न पड़े।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल के आयात पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहा है। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊर्जा संरक्षण, अनावश्यक यात्रा से बचने और जिम्मेदार ईंधन उपयोग की आवश्यकता पर कई बार जोर दिया है। इसे ईंधन बचत और आयात में कमी लाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

अनुमानों के अनुसार, 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण हासिल करने से भारत को हर साल लगभग 4.5 करोड़ बैरल कच्चे तेल की बचत हुई है। साथ ही करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाने में भी मदद मिली है। भारत पहले ही निर्धारित समय से पहले E20 पेट्रोल लागू कर चुका है। हालांकि, एथेनॉल मिश्रण के अगले चरण को वाहन इंजन की अनुकूलता, माइलेज और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अधिक संतुलित तरीके से लागू किए जाने की संभावना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here