बेंगलुरु : कर्नाटक सरकार गन्ना किसानों को उचित आर्थिक लाभ सुनिश्चित करने के लिए गन्ने की तौल, चीनी की रिकवरी, कटाई की प्रक्रिया और भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उपायों का अध्ययन करेगी। राज्य के मंत्री रुद्रप्पा लामाणी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। द प्रिंट में पीटीआई के हवाले से प्रकाशित खबर के अनुसार, नई दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद राज्य सरकार गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में गन्ने की कटाई के उपयुक्त समय और चीनी की रिकवरी के स्तर का वैज्ञानिक अध्ययन करेगी। इसके निष्कर्ष केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित संयुक्त समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। यह जानकारी राज्य के चीनी एवं वस्त्र मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में दी गई।
बयान के अनुसार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्नाटक और महाराष्ट्र के गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। इनमें गन्ने का मूल्य, उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी), चीनी की कीमतें, रिकवरी दर, गन्ने की तौल में गड़बड़ी, कटाई का समय, कटाई के बाद होने वाली बर्बादी और किसानों को भुगतान जैसे मुद्दे शामिल थे।
मंत्री रुद्रप्पा लामाणी ने कहा, वैज्ञानिक तरीके से यह आकलन करना जरूरी है कि गन्ने की कटाई किस अवस्था में की जाए, ताकि किसानों को अधिकतम वजन और बेहतर रिकवरी का लाभ मिल सके। कटाई की प्रक्रिया ऐसी नहीं होनी चाहिए, जिससे किसानों की आय कम हो। कर्नाटक सरकार विभिन्न क्षेत्रों की परिस्थितियों का अध्ययन कर संयुक्त समिति के सामने अपना विस्तृत पक्ष रखेगी। मंत्री ने कहा कि, सरकार ने चीनी मिलों में गन्ने की तौल में गड़बड़ी को लेकर किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया है।
उन्होंने बताया कि, तौल प्रक्रिया में किसानों का विश्वास बढ़ाने के लिए सरकार की निगरानी में स्वतंत्र धर्मकांटे स्थापित करने की संभावना पर विचार किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में इसकी आवश्यकता होगी, वहां ऐसी व्यवस्था लागू करने की व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा। लामाणी ने कहा, गन्ने के वजन में एक किलोग्राम की भी गलत गणना नहीं होनी चाहिए। किसानों को तौल व्यवस्था पर पूरा भरोसा होना जरूरी है। हम इस विषय पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा करेंगे और पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम करेंगे।
राज्य सरकार चीनी की रिकवरी दर की गणना, कटाई के बाद होने वाली बर्बादी के नाम पर की जाने वाली कटौतियों और अन्य संबंधित समायोजनों में अधिक पारदर्शिता लाने की मांग भी संयुक्त समिति के सामने रखेगी। बयान में कहा गया कि, कर्नाटक में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) के अतिरिक्त गन्ने का अतिरिक्त मूल्य निर्धारित करने के लिए पहले से ही कानूनी प्रावधान मौजूद है।
मंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, सरकार राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) और दूसरे राज्यों में अपनाए जा रहे विभिन्न मूल्य निर्धारण मॉडलों का भी अध्ययन करेगी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि इन व्यवस्थाओं से किसानों को अधिक लाभ और उनकी आय में बेहतर निश्चितता मिल सकती है या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित संयुक्त उच्चस्तरीय समिति में कर्नाटक और महाराष्ट्र के प्रतिनिधियों के साथ केंद्र सरकार, किसान संगठनों, चीनी मिलों और कृषि वैज्ञानिकों को शामिल किए जाने की उम्मीद है।
कर्नाटक सरकार इस समिति के समक्ष गन्ने की कटाई के उपयुक्त समय, जिला-वार चीनी रिकवरी दर, तौल की सटीकता, वैज्ञानिक प्रयोगशाला जांच, बर्बादी के नाम पर की जाने वाली कटौती, किसानों को भुगतान, मूल्य निर्धारण और राजस्व साझा करने की व्यवस्था से जुड़े मुद्दे रखेगी। मंत्री लामाणी ने कहा, “किसानों और चीनी उद्योग, दोनों का आर्थिक रूप से टिकाऊ बने रहना जरूरी है, लेकिन व्यवस्था में किसानों के साथ अन्याय की अनुमति नहीं दी जा सकती। हमारा उद्देश्य कोई अस्थायी समाधान निकालना नहीं, बल्कि एक स्थायी, वैज्ञानिक और पारदर्शी व्यवस्था तैयार करना है।”


















