मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) : ठाकुरद्वारा में कृषि विज्ञान केंद्र ने किसान बिजेंद्र सिंह रामूवाला शेखू के खेत पर गन्ने की फसल में प्रक्षेत्र परीक्षण प्रदर्शन आयोजित किया। इस अवसर पर केंद्र के प्रभारी ने किसानों को गन्ने में संतुलित उर्वरक के उपयोग और उसकी महत्वता के बारे में जानकारी दी। केंद्र के पादप सुरक्षा विशेषज्ञ वैज्ञानिक दीपक कुमार ने उपस्थित किसानों को बीज शोधन के महत्व पर विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि उचित बीज शोधन से फसल को शुरुआती रोगों और कीटों से बचाया जा सकता है।
भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, वैज्ञानिक की देखरेख में किसान बिजेंद्र के गन्ने के बीज का शोधन कार्बेंडाजिम 50 प्रतिशत और क्लोरोपाइरीफॉस 50 प्रतिशत की मात्रा से किया गया। साथ ही, भविष्य में तना छेदक और अन्य कीटों के प्रकोप को कम करने के लिए खेत के कूड़ों में क्लोरांट्रानिलिप्रोल (दानेदार) 0.4 प्रतिशत का प्रयोग भी कराया गया। यह प्रक्षेत्र परीक्षण किसानों को आधुनिक पादप सुरक्षा तकनीकों से परिचित कराने और गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि इस समय गन्ने की बुवाई कर रहे किसान लाल सड़न रोग (कैंसर रोग) की रोकथाम के लिए बीज शोधन और भूमि शोधन अवश्य करें। इस पहल से क्षेत्र के अन्य किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना जताई गई है।


















