लाहौर : पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (पीएसएमए) ने चीनी क्षेत्र को पूरी तरह नियंत्रणमुक्त (डिरेगुलेट) करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि, चीनी उद्योग को मुक्त बाजार के सिद्धांतों के आधार पर काम करने की अनुमति दी जानी चाहिए। एसोसिएशन की आमसभा ने चीनी क्षेत्र को पूरी तरह नियंत्रणमुक्त करने की अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग को दोहराया। पीएसएमए का दावा है कि, डिरेगुलेशन का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलेगा, क्योंकि उन्हें अपनी उपज के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़े दामों तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
उद्योग को किसान धीरे-धीरे गन्ने की खेती से दूरी बनाने का डर…
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि, यदि चीनी क्षेत्र मौजूदा नियामकीय व्यवस्था के अधीन ही रहा तो गन्ना किसान धीरे-धीरे गन्ने की खेती से दूरी बना सकते हैं। ऐसी स्थिति में घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए पाकिस्तान को बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च कर चीनी का आयात करना पड़ सकता है। पीएसएमए ने यह भी दावा किया कि, वर्तमान में कई चीनी मिलें बंद हैं। एसोसिएशन के अनुसार, क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त करने से चीनी मिलों को जरूरत के अनुसार कच्ची चीनी का स्वतंत्र रूप से आयात करने और बाजार की परिस्थितियों के अनुरूप स्थानीय गन्ने की प्रोसेसिंग करने में सुविधा होगी। एसोसिएशन ने सरकार से चीनी क्षेत्र को पूरी तरह नियंत्रणमुक्त करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की है। उसका कहना है कि, इससे बाजार आधारित व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को सुविधा मिलेगी और चीनी उद्योग की आर्थिक व्यवहार्यता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
2 लाख टन अतिरिक्त चीनी के निर्यात के फैसले का स्वागत…
सरकार की ओर से 2 लाख टन अतिरिक्त चीनी के निर्यात की अनुमति दिए जाने का पीएसएमए ने स्वागत किया है। हालांकि, एसोसिएशन ने मांग की है कि इसके साथ ही शेष 8 लाख टन चीनी के निर्यात की भी तत्काल अनुमति दी जाए।पीएसएमए के प्रवक्ता ने कहा कि चीनी उद्योग फरवरी 2026 से ही सरकार से 2025-26 के पेराई सत्र के अंत में उत्पादित अतिरिक्त चीनी के तत्काल निर्यात की अनुमति देने की मांग कर रहा है।प्रवक्ता के अनुसार, आधिकारिक बैठकों, पत्रों और प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से उद्योग सरकार को लगातार अवगत कराता रहा है कि देश में करीब 12.5 लाख टन चीनी का अतिरिक्त भंडार मौजूद है। उद्योग ने 10 लाख टन चीनी के निर्यात का प्रस्ताव दिया था। उसका तर्क था कि इससे किसानों के हितों की रक्षा के साथ देश के लिए जरूरी विदेशी मुद्रा जुटाने में भी मदद मिलेगी।
नए पेराई सत्र से पहले बढ़ी चिंता…
पीएसएमए के मुताबिक नया पेराई सत्र शुरू होने में दो महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में अतिरिक्त चीनी का भंडार समय पर कम नहीं किया गया तो चीनी मिलों और किसानों दोनों के लिए गंभीर मुश्किलें पैदा हो सकती हैं। एसोसिएशन ने कहा कि चीनी मिलों को अतिरिक्त स्टॉक रखने पर बैंक ऋण की ब्याज लागत समेत कई तरह के अतिरिक्त खर्च उठाने पड़ रहे हैं। वहीं, गन्ने की कीमत, कर, मजदूरी और आयातित रसायनों की लागत बढ़ने से उत्पादन खर्च में भी काफी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में चीनी की कीमत उत्पादन लागत से कम बनी हुई है।
प्रवक्ता ने कहा कि, मिलों पर बढ़ता वित्तीय दबाव किसानों को प्रतिस्पर्धी गन्ना मूल्य देने की उनकी क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा नए पेराई सत्र को समय पर शुरू करने में भी कठिनाई हो सकती है। उन्होंने बताया कि नए पेराई सत्र की शुरुआत में दो महीने से भी कम समय बाकी है, लेकिन बड़ी मात्रा में चीनी अभी भी गोदामों में पड़ी है। पहले से वित्तीय दबाव झेल रही मिलों के लिए पुराने स्टॉक का लगातार बढ़ना पेराई संचालन के लिए जरूरी कार्यशील पूंजी की उपलब्धता को प्रभावित कर सकता है।
अगले सत्र में 15 लाख टन अतिरिक्त उत्पादन का अनुमान….
पीएसएमए के अनुसार, आगामी गन्ने की फसल से करीब 15 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने का अनुमान है। यदि इसे मौजूदा 12.5 लाख टन के अतिरिक्त स्टॉक के साथ जोड़ दिया जाए तो उद्योग के सामने भंडारण की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि कम निर्यात और पुराने स्टॉक को बनाए रखने की बढ़ती लागत के कारण नवंबर 2026 से शुरू होने वाले पेराई सत्र में चीनी मिलों के लिए लगातार पेराई संचालन बनाए रखना बेहद मुश्किल हो सकता है।


















