बेंगलुरु (कर्नाटक) : मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गन्ना किसानों और चीनी मिल मालिकों को आश्वासन दिया है कि, राज्य सरकार दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर करने के लिए प्रयास करेगी। उन्होंने दशहरे के बाद किसानों, चीनी मिल प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने की घोषणा की है। डेक्कन क्रॉनिकल में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस बैठक का उद्देश्य गन्ना किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालना है। कर्नाटक में गन्ना उत्पादक किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का भाव 5,500 रुपये प्रति टन करना, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलो करना और गन्ने से उत्पादित एथेनॉल की खरीद नीति की समीक्षा करना शामिल है।
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने बताया कि उन्होंने चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है और सभी संबंधित पक्षों की बैठक के लिए तारीख तय करने की प्रक्रिया जारी है।उन्होंने कहा कि, संयुक्त बैठक से पहले किसानों और चीनी निर्माताओं की समस्याओं को अलग-अलग सुना जाएगा। इसके बाद दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस मामले में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी चर्चा करने की बात कही और समस्या के समाधान के लिए उनके प्रयासों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि, इस विवाद का शांतिपूर्ण और सभी पक्षों को स्वीकार्य समाधान निकालना जरूरी है, क्योंकि किसानों, चीनी मिल मालिकों और उद्योग से जुड़े अन्य लोगों की आजीविका चीनी उद्योग पर निर्भर है।उन्होंने कहा कि, चीनी मिलों का संचालन तभी संभव है, जब वे आर्थिक रूप से सक्षम हों। इसलिए समाधान निकालते समय किसानों, चीनी मिलों और सरकार के सामने मौजूद आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखना आवश्यक है।
शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि, इस विवाद को सुलझाना सभी संबंधित पक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार किसी एक पक्ष पर आर्थिक बोझ डालकर उसे दूसरे पक्ष पर स्थानांतरित करने के पक्ष में नहीं है।मुख्यमंत्री के अनुसार, वह चीनी मिल मालिकों को अपनी मंशा से अवगत करा चुके हैं और जल्द ही किसान नेताओं से भी संपर्क करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि, बैठक की तारीख सभी संबंधित पक्षों की सुविधा को ध्यान में रखकर तय की जाएगी।
बैठक में मंत्री, सांसद और अधिकारी होंगे शामिल
प्रस्तावित बैठक में गन्ना उत्पादक क्षेत्रों और संबंधित जिलों का प्रतिनिधित्व करने वाले कैबिनेट मंत्रियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी शामिल किए जाने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, अन्य सांसदों और क्षेत्र के विधायकों को भी चर्चा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।


















