“यह आखिरी मौका है”: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को चेताया, FSSAI ने फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लागू नहीं किए तो अदालत देगी निर्देश

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि, यदि पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर अधिक चीनी, नमक और संतृप्त वसा (सैचुरेटेड फैट) की मात्रा दर्शाने वाले फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लागू करने पर सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो अदालत स्वयं आवश्यक निर्देश जारी करेगी। न्यायमूर्ति जे.बी.पारदीवाला और के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि, अदालत का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर बढ़ते बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। पीठ ने यह भी सवाल उठाया कि, अदालत के पहले के निर्देशों के बावजूद केंद्र सरकार पोषण संबंधी सख्त चेतावनी व्यवस्था लागू करने से क्यों हिचक रही है।

सुनवाई के दौरान पीठ ने केंद्र सरकार की ओर से उपस्थित अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) बृजेंद्र चाहर से कहा कि सरकार को अदालत के निर्देशों का पालन करना होगा। अदालत ने यह भी पूछा कि क्या सरकार कॉरपोरेट घरानों के दबाव में काम कर रही है। पीठ ने स्पष्ट किया कि वह यह मामला जनहित में देख रही है और सरकार से पूछा कि इस विषय पर अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बृजेंद्र चाहर ने सरकार की चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सख्त चेतावनी लेबल लागू किए गए तो नमकीन जैसे पारंपरिक भारतीय खाद्य पदार्थों पर भी अधिक वसा या नमक होने के कारण लाल चेतावनी चिह्न लग सकता है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि अंतरराष्ट्रीय पोषण मानकों को भारतीय खान-पान पर सीधे लागू करना उचित नहीं होगा और यहां तक कि दो अंडे भी दैनिक वसा सीमा से अधिक हो सकते हैं।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी चिंताएं उपभोक्ताओं को उनके भोजन के पोषण संबंधी जोखिमों के बारे में जागरूक करने में बाधा नहीं बन सकतीं। पीठ ने कहा कि उपभोक्ता पहले से जानते हैं कि पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में चीनी, वसा और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, लेकिन फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल उन्हें उत्पाद खरीदने से पहले उसके पोषण संबंधी जोखिमों की सरल और स्पष्ट जानकारी देंगे।

अदालत ने यह तर्क भी अस्वीकार कर दिया कि, ऐसे लेबल से निर्माताओं के कारोबार पर असर पड़ेगा। पीठ ने कहा कि, उत्पाद खरीदने का अंतिम निर्णय उपभोक्ता का ही रहेगा। सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI की इस व्यवस्था को लागू करने में अनिच्छा पर भी सवाल उठाया और कहा कि निर्माताओं के व्यावसायिक हित सार्वजनिक स्वास्थ्य से ऊपर नहीं हो सकते। सुनवाई के दौरान एक निर्माता कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनींदर सिंह ने पक्ष रखने की कोशिश की, जिस पर अदालत ने कहा कि यह मामला नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा है और निर्माता इस विषय में नीति निर्धारित नहीं कर सकते।

वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत ने सुझाव दिया कि खाद्य उत्पादों को अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया जा सकता है और उनके पोषण संबंधी तत्वों का स्पष्ट प्रदर्शन भी किया जाना चाहिए। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह किसी विशेष उत्पाद के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसका उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ता यह जान सके कि वह क्या खा रहा है।

पीठ ने कहा, इस देश में कितने लोग सूखे मेवे खरीद सकते हैं और कितने बच्चे कुरकुरे खरीदते हैं? यही सबसे बड़ा अंतर है। हम किसी उत्पाद के खिलाफ नहीं हैं। हम केवल चाहते हैं कि उसे खरीदने वाला व्यक्ति यह जान सके कि वह क्या उपभोग कर रहा है।”अपने आदेश में अदालत ने उल्लेख किया कि वह इस मुद्दे पर पहले भी 10 फरवरी 2026 के आदेश में विचार कर चुकी है और उस आदेश के पैरा 9 से 12 में अपनी टिप्पणियां दर्ज कर चुकी है।

अदालत ने कहा कि, याचिकाकर्ता के वकील ने उसका ध्यान 7 मार्च को हुई FSSAI बैठक के कार्यवृत्त की ओर दिलाया, जिससे प्रतीत होता है कि FSSAI का रुख अदालत के पूर्व सुझावों के विपरीत है। केंद्र सरकार ने कहा कि पैकेजिंग और पोषण चेतावनी संबंधी अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करना कठिन है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। पीठ ने कहा कि, भारत अन्य देशों के मानकों का हवाला देकर सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मजबूत उपायों से बच नहीं सकता।

अदालत ने टिप्पणी की, “हम केंद्र सरकार के इस रुख को स्वीकार नहीं करते कि विकसित देशों के अंतरराष्ट्रीय मानकों तक पहुंचना संभव नहीं है। क्या भारत अविकसित देश बना रहे? यही प्रश्न हम केंद्र सरकार के समक्ष विचार के लिए रख रहे हैं।”सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारत को दुनिया को यह दिखाना चाहिए कि वह अपने नागरिकों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है।

पीठ ने कहा, “दुनिया को पता चलना चाहिए कि भारत अपने नागरिकों और विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है।” अदालत ने केंद्र सरकार को दो सप्ताह का अंतिम समय देते हुए कहा कि वह इस विषय पर अपना अंतिम निर्णय रिकॉर्ड पर प्रस्तुत करे। पीठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार को यह तय करना होगा कि वह स्वेच्छा से चेतावनी लेबल लागू करेगी या अदालत के निर्देशों का सामना करेगी। अदालत ने कहा, “यह आपका आखिरी मौका है। अगली बार हम फैसला सुनाएंगे।”

यह मामला उस याचिका से संबंधित है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने पहले FSSAI को अधिक चीनी, नमक और संतृप्त वसा वाले पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लागू करने पर विचार करने का निर्देश दिया था। इन चेतावनी लेबलों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उसके पोषण संबंधी जोखिमों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।

इस विषय पर संसद की अधीनस्थ विधान समिति, जिसकी अध्यक्षता शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा कर रहे हैं, भी चर्चा कर चुकी है। समिति ने भारत में सिंगापुर की A-to-D Nutri-Grade प्रणाली का अध्ययन करने की सिफारिश की है। इसी बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्कूलों, कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में “चीनी और तेल बोर्ड” प्रदर्शित करने का भी प्रस्ताव रखा है, ताकि लोगों को अधिक चीनी और तेल के सेवन से बचने और स्वस्थ खान-पान अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here