नेग्रोस ऑक्सीडेंटल : शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने चेतावनी दी है कि, नेग्रोस ऑक्सीडेंटल में रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) के बड़े पैमाने पर फैलने से करीब 1.5 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी का नुकसान हो सकता है। यह मात्रा देश के सालाना चीनी उत्पादन का लगभग 8 प्रतिशत है। SRA ने कहा है कि, अगर तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
SRA के रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रांत के कम से कम 30 प्रतिशत गन्ने के खेत इस कीट से प्रभावित हो चुके हैं। उत्तरी नेग्रोस ऑक्सीडेंटल के किसानों ने बताया है कि RSSI के कारण गन्ने की पैदावार और गन्ने से मिलने वाली कच्ची चीनी की मात्रा में 40 से 50 प्रतिशत तक की गिरावट आई है।SRA के प्रशासक पाब्लो लुइस एज़कोना ने 16 जुलाई को कहा कि, यदि मौजूदा संक्रमण पर काबू नहीं पाया गया, तो फसल कटाई से पहले नेग्रोस ऑक्सीडेंटल में करीब 33,000 हेक्टेयर गन्ने की खेती प्रभावित हो सकती है।
नेग्रोस ऑक्सीडेंटल के गवर्नर यूजेनियो जोस लैक्सन ने RSSI से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर हवाई कीटनाशक छिड़काव के समर्थन या वित्तपोषण से इनकार किया है। उन्होंने इसके बजाय जैविक और पर्यावरण के अनुकूल तरीकों को प्राथमिकता दी है। लैक्सन के मुताबिक, कई क्षेत्रों ने बड़े पैमाने पर हवाई छिड़काव से सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई है। प्रांतीय सरकार ने RSSI के खिलाफ जैव सुरक्षा अभियान मजबूत करने के लिए शुरुआती तौर पर 24.96 मिलियन फिलीपीन पेसो का बजट भी आवंटित किया है। SRA ने बताया कि, वह 2023 से RSSI के खिलाफ जैविक और प्राकृतिक तरीकों को बढ़ावा दे रहा है। हालांकि, किसानों को मुफ्त में फंगस उपलब्ध कराने की क्षमता अभी सीमित है।
SRA ने कहा कि जैविक नियंत्रण एक दीर्घकालिक समाधान है, लेकिन फसल कटाई में केवल करीब तीन महीने बाकी होने के कारण तत्काल संकट से निपटने के लिए इसकी गति पर्याप्त नहीं है। एजेंसी के अनुसार, जैव-कीटनाशक पारंपरिक कीटनाशकों की तुलना में चार से पांच गुना अधिक महंगे होते हैं और आमतौर पर उनका असर भी धीरे-धीरे दिखाई देता है। तत्काल संकट से निपटने के लिए SRA बड़े पैमाने पर हस्तक्षेप के विकल्पों पर विचार कर रहा है। इनमें हवाई छिड़काव और ड्रोन की मदद से प्रणालीगत कीटनाशकों का इस्तेमाल शामिल है।
SRA ने RSSI से निपटने की रणनीति को लेकर नेग्रोस ऑक्सीडेंटल की प्रांतीय सरकार के साथ समन्वय की कमी पर भी चिंता जताई है।एज़कोना ने कहा कि एजेंसी से न तो अल्पकालिक और न ही दीर्घकालिक योजनाओं को लेकर सलाह ली गई। उन्हें इन योजनाओं के बारे में केवल मीडिया रिपोर्टों के जरिए जानकारी मिली। हालांकि, SRA ने गवर्नर लैक्सन के नेतृत्व का सम्मान करने की बात कही है। लैक्सन प्रांत में RSSI से निपटने के लिए गठित दो टास्क फोर्स के अध्यक्ष हैं। उनके सलाहकार पूर्व गवर्नर राफेल कोस्कुलुएला हैं।इस बीच, SRA ने कहा है कि वह स्थानीय प्रमुख अधिकारियों के अनुरोधों पर कार्रवाई जारी रखेगा। खासकर नेग्रोस ओरिएंटल में अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप के उपायों के प्रति अधिक खुलापन दिखाया है।


















