बिजनौर (उत्तर प्रदेश): अफजलगढ़ स्थित द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बहादरपुर इकाई ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना किसानों का पूरा भुगतान कर दिया है। मिल प्रबंधन के अनुसार, इस सीजन में कुल 71.39 लाख कुंतल गन्ने की खरीद की गई, जिसकी कुल कीमत 28,114.78 लाख रुपये रही।मिल ने बकाया 1,310.38 लाख रुपये भी बैंकों के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके साथ ही बहादरपुर इकाई ने इस पेराई सत्र का 100 प्रतिशत भुगतान पूरा कर लिया है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिशासी उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट) सलिल एस. आर्य ने बताया कि, गन्ना मूल्य के साथ विकास अंशदान की राशि भी संबंधित समितियों और परिषदों को भेज दी गई है।मुख्य महाप्रबंधक (गन्ना) उमेश कुमार सिंह बिसेन ने कहा कि कंपनी के अधिशासी अध्यक्ष गौतम आर. मोरारका हमेशा किसानों और क्षेत्र के विकास के प्रति सकारात्मक सोच रखते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गन्ने की बुवाई के दौरान केवल स्वीकृत किस्मों का चयन करें और विभाग या चीनी मिल द्वारा प्रमाणित नर्सरी से ही बीज लें।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि, पेड़ी वाले खेतों में प्रति बीघा 10 किलोग्राम यूरिया की टॉप ड्रेसिंग गन्ने की कतारों में अवश्य करें, जिससे फसल की बढ़वार और उत्पादन में सुधार होगा।अंत में, मिल प्रबंधन ने पेराई सत्र को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए गन्ना विभाग और क्षेत्र के किसानों का आभार व्यक्त किया।


















