नई दिल्ली : देश की प्रमुख एकीकृत चीनी और एथेनॉल उत्पादक कंपनियों में शामिल त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड (TEIL) ने विवेक विश्वनाथन को कंपनी का अतिरिक्त निदेशक, पूर्णकालिक निदेशक और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (KMP) नियुक्त करने की घोषणा की है। यह नियुक्ति 1 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी और कंपनी की आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी। यह जानकारी कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
विवेक विश्वनाथन के पास चीनी और डिस्टिलरी उद्योग में दो दशकों से अधिक का नेतृत्व अनुभव है। इससे पहले वह सर शादी लाल एंटरप्राइजेज लिमिटेड (SSEL) में संयुक्त प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उत्पादन, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, लागत दक्षता, परिचालन सुधार और रणनीतिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का नेतृत्व किया।
कंपनी के अनुसार, यह नियुक्ति एसएसईएल और टीईआईएल के विलय के बाद विस्तारित परिचालन ढांचे को मजबूत नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वनाथन कंपनी के एकीकृत संचालन को गति देने, परिचालन उत्कृष्टता बढ़ाने और दोनों कंपनियों के विलय से मिलने वाले लाभों को अधिकतम करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तरुण साहनी ने नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, विवेक विश्वनाथन का व्यापक उद्योग अनुभव, परिचालन विशेषज्ञता और एसएसईएल के व्यवसाय की गहरी समझ कंपनी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि, नेतृत्व टीम को मजबूत करना विलय के पूर्ण लाभ प्राप्त करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन की दिशा में आवश्यक कदम है।विवेक विश्वनाथन ने सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय, इंटरनेशनल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (नई दिल्ली) और कोलंबिया विश्वविद्यालय (न्यूयॉर्क) से शिक्षा प्राप्त की है।

















