त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में समेकित आधार पर ₹94 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंपनी के अनुसार, उसके चीनी कारोबार के घाटे से मुनाफे में लौटने से यह सुधार संभव हुआ। कंपनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है की, 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी को ₹94 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ हुआ, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसे ₹11 करोड़ का घाटा हुआ था।
एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 8.4 प्रतिशत बढ़कर ₹1,731 करोड़ हो गया। ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय (EBITDA) Q2 FY26 के ₹37 करोड़ से बढ़कर ₹165 करोड़ हो गई। EBITDA मार्जिन भी पिछले वर्ष के 2.3 प्रतिशत से सुधरकर 9.5 प्रतिशत पर पहुंच गया। वहीं, कर पूर्व लाभ (PBT) ₹126 करोड़ रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को ₹16 करोड़ का घाटा हुआ था।
चीनी कारोबार घाटे से मुनाफे में
कंपनी के शुगर कारोबार ने Q2 FY27 में ₹1,262 करोड़ का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के ₹1,215 करोड़ से अधिक है। इस सेगमेंट का ब्याज और कर पूर्व लाभ (PBIT) ₹99 करोड़ रहा, जबकि Q2 FY26 में ₹12 करोड़ का घाटा हुआ था। चीनी की औसत प्राप्ति कीमत (Average Sugar Realisation) सालाना आधार पर 16.5 प्रतिशत बढ़कर ₹47,275 प्रति टन हो गई। हालांकि, घरेलू डिस्पैच 7.6 प्रतिशत घटकर 2,55,334 टन रहा।
अल्कोहल कारोबार के राजस्व और मुनाफे में बढ़ोतरी
अल्कोहल कारोबार ने दूसरी तिमाही में ₹791 करोड़ का सकल राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष के ₹705 करोड़ से 12.1 प्रतिशत अधिक है। एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद राजस्व 19 प्रतिशत बढ़कर ₹473 करोड़ हो गया, जबकि PBIT में 53.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह ₹43 करोड़ पर पहुंच गया। अल्कोहल की बिक्री मात्रा 15.8 प्रतिशत बढ़कर 61,424 किलोलीटर रही। कंपनी ने लाभप्रदता में सुधार का श्रेय अधिक मार्जिन वाले मक्का आधारित एथेनॉल की बढ़ी हुई हिस्सेदारी, बिक्री मात्रा में वृद्धि और डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन सॉल्युबल्स (DDGS) की बेहतर बिक्री तथा प्राप्ति कीमत को दिया।
वाटर कारोबार के राजस्व में गिरावट
वाटर कारोबार ने Q2 FY27 में ₹47 करोड़ का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के ₹54 करोड़ से 12.9 प्रतिशत कम है। इस सेगमेंट का PBIT भी ₹2 करोड़ से घटकर ₹1 करोड़ रह गया। कंपनी ने राजस्व में गिरावट का कारण कुछ इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) परियोजनाओं के क्रियान्वयन की धीमी गति को बताया। 30 सितंबर, 2026 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक ₹1,452 करोड़ थी। इसमें ₹1,048 करोड़ के दीर्घकालिक ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस (O&M) अनुबंध शामिल हैं।
गन्ने की उपलब्धता और रिकवरी बढ़ाने पर जोर
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक ध्रुव एम. साहनी ने कहा कि, नए पेराई सीजन के लिए कंपनी गन्ने की उपलब्धता, चीनी रिकवरी और परिचालन दक्षता में सुधार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश से मिल रहे शुरुआती संकेत अपेक्षाकृत सकारात्मक हैं, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हुई बेमौसम बारिश के प्रभाव का खेत स्तर पर आकलन करना जरूरी है। बारिश के बाद रिकवर होने योग्य चीनी की मात्रा में संभावित कमी को रोकने के लिए पेराई शुरू होने में देरी हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि, महाराष्ट्र और कर्नाटक में मौसम संबंधी जोखिमों के कारण देश के कुल चीनी उत्पादन का अनुमान प्रभावित हो सकता है। कंपनी के अनुसार, चीनी सीजन 2026-27 के लिए देश में गन्ने की फसल की समग्र स्थिति अच्छी दिखाई दे रही है। कम कैरी-ओवर स्टॉक के कारण कंपनी को निकट अवधि में घरेलू चीनी कीमतों में मजबूती बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, सरकारी नीतिगत फैसले कीमतों की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं।
एथेनॉल कारोबार के सामने नई चुनौतियां
अल्कोहल कारोबार पर टिप्पणी करते हुए साहनी ने कहा कि, एथेनॉल सप्लाई वर्ष 2026-27 के लिए तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की हालिया निविदा से निकट अवधि में परिचालन संबंधी चुनौतियां बढ़ी हैं। इस निविदा में गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल को शामिल नहीं किया गया है। साथ ही, मक्का आधारित एथेनॉल की खरीद कीमत भी कम की गई है। मक्का की खरीद कीमतों में मजबूती और एथेनॉल की कम कीमतों से कंपनी के मार्जिन तथा क्षमता उपयोग पर दबाव पड़ सकता है। कंपनी ने कहा कि, वह कच्चे माल की लागत, उत्पाद मिश्रण, आवंटन के बेहतर प्रबंधन, सह-उत्पादों से अधिक मूल्य प्राप्त करने और लागत दक्षता बढ़ाने पर ध्यान जारी रखेगी। वहीं, वाटर कारोबार में मजबूत ऑर्डर बुक और दीर्घकालिक O&M अनुबंधों से कंपनी को आने वाले कई वर्षों के लिए कारोबार की दृश्यता मिलती है।
पावर ट्रांसमिशन कारोबार के डीमर्जर का प्रभाव
कंपनी ने स्पष्ट किया कि, घोषित वित्तीय नतीजे निरंतर परिचालन (Continuing Operations) से संबंधित हैं। इनमें पावर ट्रांसमिशन कारोबार शामिल नहीं है, जिसे 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी रूप से डीमर्ज कर त्रिवेणी पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड में हस्तांतरित किया गया है। कंपनी ने कहा कि, डीमर्जर को ध्यान में रखते हुए पिछली अवधियों के वित्तीय आंकड़ों को भी संशोधित करके प्रस्तुत किया गया है।


















