पुणे (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील ने कहा कि, चीनी उद्योग ने महाराष्ट्र को दुनिया भर में अलग पहचान दिलाई है, लेकिन वर्तमान में यह उद्योग आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि, राज्य के कुछ चीनी मिलों ने आवश्यकता न होने के बावजूद अपनी गन्ना पेराई क्षमता का विस्तार किया, जिससे उद्योग की परेशानियां और बढ़ गई हैं। पुणे में वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) द्वारा आयोजित ‘शुगर एंड बायोएनर्जी’ विषय पर आयोजित सम्मेलन को मंत्री बाबासाहेब पाटील संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, अब इन चुनौतियों से बाहर निकलने के लिए उद्योग को नई तकनीक अपनानी होगी।इसके साथ ही पानी का बेहतर प्रबंधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर गन्ना उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम करना जरूरी है।
मंत्री पाटील ने कहा कि, महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था काफी हद तक चीनी उद्योग पर निर्भर है। ऐसे में चीनी उद्योग से जुड़े सभी पक्षों को सोच-समझकर निर्णय लेने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां जरूरत होगी, वहां राज्य सरकार चीनी उद्योग के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।सम्मेलन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी.बी. ठोंबरे, पूर्व चीनी आयुक्त शेखर गायकवाड़, सांसद बजरंग सोनवणे, महासचिव पांडुरंग राऊत, कोषाध्यक्ष महेश देशमुख, निदेशक रोहित नारा, कार्यकारी निदेशक अजित चौगुले सहित बड़ी संख्या में चीनी मिल संचालक मौजूद रहे।


















