बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ‘विनियमन’ समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सभापति अश्विनी त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। गन्ना विभाग की समीक्षा के दौरान पिछले तीन वर्षों में किसानों को उन्नत किस्म के गन्ने के बीज उपलब्ध कराने सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली गई।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि किसानों को बेहतर किस्म के बीज विभिन्न माध्यमों से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में खुर्जा के ‘अनोखी दुनिया’ सिरेमिक पार्क परियोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की गई, जो पॉटरी उद्योग के अपशिष्ट से विकसित की गई है। आबकारी विभाग की समीक्षा में संतोषजनक जवाब न मिलने और जनप्रतिनिधियों से समन्वय की कमी पर सभापति ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रमुख सचिव आबकारी के माध्यम से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।















