मनीला: फिलीपींस में जैव-ईंधन मिश्रण यानी बायोएथेनॉल ब्लेंड के इस्तेमाल में लगातार बढ़ोतरी के कारण इस साल अमेरिका के एथेनॉल निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि देखने को मिल रही है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस अमेरिकी एथेनॉल निर्यात में इस रिकॉर्ड वृद्धि का एक प्रमुख कारण बनकर उभरा है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) में व्यापार एवं विदेशी कृषि मामलों के अवर सचिव ल्यूक लिंडबर्ग ने कहा कि, फिलीपींस अमेरिकी एथेनॉल के लिए एक रणनीतिक बाजार है। अमेरिका को इस वर्ष अपने इतिहास का सबसे मजबूत एथेनॉल निर्यात वर्ष रहने की उम्मीद है।
2025 में अमेरिका का एथेनॉल निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर
USDA के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में अमेरिका का एथेनॉल निर्यात 4.74 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10% से अधिक है। फिलीपींस को होने वाला एथेनॉल निर्यात भी तेजी से बढ़ा है।2025 में फिलीपींस को अमेरिकी एथेनॉल की शिपमेंट 87% बढ़कर 19.206 करोड़ डॉलर हो गई। लिंडबर्ग ने कहा कि, अमेरिकी एथेनॉल निर्यात की संभावनाओं को फिलीपींस में एथेनॉल मिश्रित ईंधन के बढ़ते इस्तेमाल से भी समर्थन मिल रहा है। एथेनॉल मिश्रण से ईंधन की कीमत कम करने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद मिल सकती है। उन्होंने फिलीपींस में E20 के इस्तेमाल का उल्लेख किया, जिसमें पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाया जाता है। उनके अनुसार, फिलीपींस अपने ईंधन आपूर्ति तंत्र में अधिक मात्रा वाले एथेनॉल मिश्रण को शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है।
E20 से ईंधन लागत और पर्यावरण को लाभ
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, एथेनॉल मिश्रण की मात्रा बढ़ने से फिलीपींस को पेट्रोल पंपों पर कम लागत का लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही, अपेक्षाकृत स्वच्छ परिवहन ईंधन के इस्तेमाल से पर्यावरण को भी फायदा होगा। फिलीपींस के ऊर्जा विभाग (DOE) ने कहा कि, अमेरिका देश के जैव-ईंधन कार्यक्रम, ऊर्जा सुरक्षा और ऊर्जा संक्रमण के एजेंडे को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बना हुआ है। DOE के अनुसार, फिलीपींस में उच्च स्तर वाले बायोएथेनॉल मिश्रण के व्यापक इस्तेमाल की दिशा में काम करते समय अमेरिका एथेनॉल की आपूर्ति और तकनीकी विशेषज्ञता का महत्वपूर्ण स्रोत है। यदि घरेलू उत्पादन मिश्रण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं रहता है, तो अमेरिकी एथेनॉल घरेलू आपूर्ति की कमी को पूरा कर सकता है। विभाग के अनुसार, प्रतिस्पर्धी कीमतों और टिकाऊ तरीके से उत्पादित आयातित एथेनॉल के जरिए ईंधन सुरक्षा को भी मजबूत किया जा सकता है।
तकनीकी सहयोग बढ़ाने की संभावना
फिलीपींस का ऊर्जा विभाग अमेरिका के साथ ज्ञान साझा करने, तकनीकी सहायता और उद्योग की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान की भी संभावनाएं देख रहा है। अमेरिका के पास मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन का व्यापक अनुभव है।फिलीपींस में फिलहाल E20 पेट्रोल का इस्तेमाल स्वैच्छिक आधार पर किया जा रहा है, जबकि 10% एथेनॉल मिश्रण को 2011 से अनिवार्य किया गया है। DOE ने कहा कि वह पेट्रोल में 15% एथेनॉल मिश्रण लागू करने के लिए आवश्यक नीतिगत और तकनीकी तैयारियां कर रहा है। इसके साथ ही फिलीपींस के राष्ट्रीय मानकों को विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।
मक्का से एथेनॉल उत्पादन पर नियमों में बदलाव का प्रस्ताव
इस बीच, फिलीपींस के कृषि विभाग ने संयुक्त प्रशासनिक आदेश संख्या 2008-1 में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। वर्तमान नियमों के तहत एथेनॉल उत्पादन के लिए मक्के को कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल करने पर रोक है। प्रस्तावित संशोधन की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए उद्योग जगत के आकलन और संबंधित पक्षों के साथ परामर्श की प्रक्रिया जारी है। इस तरह, फिलीपींस में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने की योजनाएं न केवल अमेरिकी एथेनॉल निर्यात के लिए नया बाजार तैयार कर रही हैं, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, ईंधन लागत और स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण को भी प्रभावित कर सकती हैं।


















Philippines needs to strengthen the sugar industry with the use of Indian machineries and many technologies related to sugar cane, sugar , ethanol , power ,etc. production with most economical and durable way. Best Wishes.