अमेरिका : विदेशी चीनी आयात से बढ़ा संकट, चीनी उत्पादकों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

वॉशिंगटन: अमेरिका के चुकंदर और गन्ना उत्पादकों ने विदेशी चीनी के बढ़ते आयात को लेकर गंभीर चिंता जताई है।अमेरिकी चीनी उद्योग से जुड़े किसानों और संगठनों ने सरकार से इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि तय सीमा से अधिक आयात हो रही विदेशी चीनी से घरेलू बाजार प्रभावित हो रहा है और किसानों व फैक्ट्री कर्मचारियों की आजीविका पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। अमेरिका के 110 से अधिक सांसदों ने संयुक्त रूप से अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) को पत्र लिखकर विदेशी चीनी आयात के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है। सांसदों ने कहा कि, अनुचित व्यापारिक नीतियों के कारण अमेरिकी चीनी उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

अमेरिकी चीनी नीति का उद्देश्य घरेलू किसानों और श्रमिकों को अतिरिक्त आयात से बचाना और बाजार में संतुलन बनाए रखना है। लेकिन हाल के वर्षों में तय कोटे से अधिक चीनी आयात होने से यह व्यवस्था कमजोर पड़ गई है।उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में अमेरिकी चीनी उद्योग को 3 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है।मिशिगन के पांचवीं पीढ़ी के शुगरबीट किसान और अमेरिकन शुगरबीट ग्रोअर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष क्लिंट हेगन ने कहा कि, किसानों ने इस साल की फसल तो लगा दी है, लेकिन उन्हें डर है कि विदेशी चीनी आयात जारी रहा तो प्रति एकड़ सैकड़ों डॉलर का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि, यदि अमेरिका में इन खेती-किसानी को बचाना है तो सरकार को तुरंत कदम उठाने होंगे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

लुइसियाना के गन्ना किसान स्टीफन सिमोनॉक्स ने कहा कि, चीनी अमेरिका की खाद्य आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस उद्योग को देश के भीतर सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेती, फैक्ट्री रोजगार और खाद्य उत्पादन को दूसरे देशों पर निर्भर नहीं छोड़ा जा सकता।अमेरिकी चीनी उद्योग पूरे देश में पारिवारिक खेती और विनिर्माण क्षेत्र को सहारा देता है। यह उद्योग चीनी आपूर्ति श्रृंखला में 1.51 लाख से अधिक नौकरियों से जुड़ा हुआ है। नॉर्थ डकोटा के किसान ब्रेंट बाल्डविन ने कहा कि, उद्योग को हो रहा नुकसान बेहद गंभीर और लंबे समय तक सहन करने लायक नहीं है। अगर अमेरिका सस्ती विदेशी चीनी के आयात पर नियंत्रण नहीं कर पाया, तो कई फार्म और फैक्ट्रियां बंद होने की कगार पर पहुंच सकती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here