मुरादाबाद : गन्ना पेराई सत्र 2025-26 समाप्त होने के साथ ही मंडल की सभी 23 चीनी मिलों का संचालन बंद हो गया है। अब पेराई सत्र 2026-27 को ध्यान में रखते हुए बसंतकालीन गन्ना बोआई का कार्य शुरू कर दिया गया है। गन्ने का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त (गन्ना) की अध्यक्षता में गन्ना अधिकारियों, गन्ना समितियों और चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गन्ने का रकबा सात प्रतिशत बढ़ाकर 2.67 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य तय किया गया।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, चीनी मिलों को निर्देश दिए गए कि, वे किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज और खरपतवारनाशी दवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि मिल गेट क्षेत्र में गन्ने का रकबा और पैदावार बढ़ाई जा सके।बसंतकालीन गन्ना बोआई के लिए वर्ष 2026-27 में मिलों को अलग-अलग लक्ष्य भी आवंटित किए गए है। कृषि योग्य भूमि, गन्ना आपूर्ति, बीज की उपलब्धता और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर गन्ना विभाग और मिलों ने संयुक्त रूप से काम करने का निर्णय लिया है।
समीक्षा के दौरान उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि त्रिवेणी चीनी मिल रानीनांगल और डीएसएम शुगर मिल असमोली ने किसानों का 100 प्रतिशत भुगतान कर दिया है। वहीं मंडल की सभी 23 मिलों ने औसतन 91 प्रतिशत गन्ना भुगतान कर दिया है। शेष नौ प्रतिशत भुगतान अगले दस दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने मिलों को उनकी पेराई क्षमता के अनुरूप गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मिल गेट क्षेत्र में गन्ना अच्छादन बढ़ाने के लिए बेहतर रणनीति अपनाने को कहा। उन्होंने बताया कि बसंतकालीन गन्ना बोआई का 2.67 लाख हेक्टेयर लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है। साथ ही मंडलपुर के चांगीपुर में नई चीनी मिल शुरू होने से अतिरिक्त गन्ने की आवश्यकता होगी, इसलिए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना जरूरी बताया गया।


















