उत्तर प्रदेश : बेलरायां चीनी मिल में 15 नवंबर से पेराई शुरू, 70 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य

लखीमपुर-खीरी : सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां में नए पेराई सत्र को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मिल में 15 नवंबर 2026 से 8 अप्रैल 2027 तक पेराई कराने की योजना है। प्रस्तावित 144 दिवसीय सत्र में मिल प्रबंधन ने 70 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा है। 11 प्रतिशत रिकवरी के अनुमान के साथ करीब 7.70 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को मिल परिसर में वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी और मिल अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने की। इस दौरान पेराई सत्र की तैयारियों, गन्ना खरीद केंद्रों, मिल की वित्तीय स्थिति और तकनीकी व्यवस्थाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

32 गन्ना खरीद केंद्रों को सुरक्षित करने की योजना

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक में मिल गेट के साथ 32 गन्ना खरीद केंद्र सुरक्षित किए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त पलिया चीनी मिल से जुड़े सात, गुलरिया के 18 और ऐरा चीनी मिल के नौ गन्ना खरीद केंद्रों के प्रस्ताव भी बैठक में रखे गए। मिल की आर्थिक स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में संस्था ने 28 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए किसानों, श्रमिकों, कर्मचारियों और मिल प्रबंधन के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मिल की उत्पादन क्षमता और तकनीकी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

किसानों के भुगतान में देरी नहीं करने के निर्देश

विधायक शशांक वर्मा ने पेराई सत्र समय से शुरू कराने के साथ किसानों को गन्ने का भुगतान निर्धारित समय पर किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने किसानों को समय पर गन्ने का बीज उपलब्ध कराने और पेराई के दौरान उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने मिल अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के भुगतान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्धारित समय के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

15 अक्टूबर तक पूरा होगा मरम्मत का काम

बैठक समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विधायक शशांक वर्मा के साथ मिल की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल हाउस, पावर हाउस और अन्य विभागों में चल रहे मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी जरूरी मरम्मत कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेराई शुरू होने से पहले मशीनरी का 15 दिन तक परीक्षण संचालन कराने को कहा, ताकि तकनीकी खामियों की पहचान समय रहते की जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here