मेरठ : मेरठ मंडल की गन्ना समितियों और चीनी मिल समितियों के अध्यक्षों ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मंगलवार को उप गन्ना आयुक्त को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पूर्व चेयरमैन बिजेंद्र प्रमुख के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की सुविधाओं और गन्ना क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रतिनिधियों ने कहा कि पहले गन्ना समितियां और गन्ना परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण का कार्य करती थीं, जिससे किसानों को गन्ना परिवहन में सुविधा मिलती थी। बाद में यह जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंप दी गई। जबकि गन्ना समितियों के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। ऐसे में गांवों की चकरोड और खड़ंजा सड़कों का निर्माण फिर से गन्ना समितियों के माध्यम से कराया जाना चाहिए, ताकि किसानों को बेहतर आवागमन और गन्ना ढुलाई की सुविधा मिल सके।
ज्ञापन में मेरठ मंडल में गन्ना अनुसंधान केंद्र और मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसान नेताओं का कहना है कि, प्रदेश का प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्र होने के बावजूद यहां ऐसी सुविधाओं का अभाव है। इससे किसानों को वैज्ञानिक खेती और मिट्टी परीक्षण के लिए दूसरे जिलों या संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।किसान प्रतिनिधियों ने प्रत्येक गन्ना किसान के लिए 5 लाख रुपये का बीमा लागू करने की भी मांग की। उनका कहना है कि दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में यह बीमा किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा। इसके साथ ही कृषि यंत्रों, कीटनाशकों और ह्यूम पाइप पर 50 प्रतिशत अनुदान देने की मांग भी रखी गई, जिससे खेती की बढ़ती लागत को कम किया जा सके।
बैठक के दौरान गन्ना भुगतान में देरी करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ सख्त विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि नियमों के अनुसार किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिनों के भीतर किया जाना चाहिए, लेकिन कई मिलें इस नियम का पालन नहीं कर रही हैं। पूर्व चेयरमैन बिजेंद्र प्रमुख ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का भुगतान समय पर नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी गन्ना विभाग और संबंधित चीनी मिलों की होगी।किसान प्रतिनिधियों ने उप गन्ना आयुक्त से सभी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि इन प्रस्तावों के लागू होने से गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।


















