उत्तर प्रदेश : बिजली संकट से किसान परेशान, धान और गन्ने की सिंचाई पर पड़ा असर

अयोध्या: जिले के तारुन क्षेत्र में धान की रोपाई और गन्ने की सिंचाई के अहम दौर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। निर्धारित कटौती के अलावा रात के समय भी बार-बार होने वाली अघोषित बिजली कटौती से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

विद्युत उपकेंद्र तारुन से मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ स्तर से प्रतिदिन करीब छह घंटे बिजली कटौती के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित कटौती के अतिरिक्त भी बिना किसी पूर्व सूचना के एक से चार घंटे तक कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। बीती रात भी कई बार बिजली गुल होने से किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

क्षेत्र के किसान राजेश कुमार, अनिल कुमार, आलोक कुमार पांडेय और नरेंद्र देव पांडेय का कहना है कि इस समय धान की रोपाई अंतिम चरण में है, जबकि गन्ने की फसल को भी नियमित सिंचाई की जरूरत है। ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया है। किसानों को पूरी रात बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद फसलों को समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी जानकारी लेने या शिकायत दर्ज कराने के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर अक्सर उनके फोन रिसीव नहीं किए जाते। इससे किसानों और उपभोक्ताओं को समय पर सही जानकारी नहीं मिलती और उनकी परेशानियां और बढ़ जाती हैं।

किसानों ने मांग की है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि बिजली कटौती करना आवश्यक हो तो उसका समय पहले से सार्वजनिक किया जाए और विशेष रूप से रात में होने वाली अघोषित कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि धान और गन्ने जैसी प्रमुख फसलों की सिंचाई समय पर हो सके और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here