लखनऊ : गन्ना किसानों के बकाया भुगतान सहित विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने मोहनलालगंज विकासखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजेश रावत के नेतृत्व में किसानों ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। धरने की सूचना पर एसडीएम पवन पटेल, एसीपी आर.के. सिंह, बीडीओ शिव कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने किसानों की मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष राजेश रावत ने कहा कि, गन्ना किसानों का लंबे समय से बकाया भुगतान लंबित है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि, गन्ना किसानों का समस्त बकाया भुगतान ब्याज सहित जल्द कराया जाए। इसके अलावा किसानों ने सभी फसलों के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, एमएसपी पर सरकारी खरीद की गारंटी, डीएपी-यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता, उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक तथा आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग उठाई।
किसानों ने फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा पात्र किसानों की आईडी तत्काल जारी करने की मांग भी की। बाद में जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को संबोधित 15 सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम को सौंपा, जिसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। इस दौरान जिलामहामंत्री संतलाल पटेल, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, मनोज पटेल, लालजी वर्मा, शारदा पटेल, तहसील प्रभारी अरुण पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष प्रवेश शर्मा, ब्लॉक प्रभारी अशोक रावत, नूर मोहम्मद, महेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


















