उत्तर प्रदेश: 14 दिन से अधिक देरी पर गन्ना भुगतान के ब्याज का विवरण मांग रहे किसान

बिजनौर: राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने गन्ना मूल्य भुगतान में देरी को लेकर किसानों के हित में आवाज उठाई है। संगठन ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि, किसानों को 14 दिन से अधिक विलंब से किए गए गन्ना भुगतान पर मिलने वाले ब्याज का वर्षवार विवरण उपलब्ध कराया जाए।

संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू और महासचिव कैलाश लांबा के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार जिन किसानों को गन्ने का भुगतान निर्धारित 14 दिनों की अवधि के बाद मिला है, उन्हें देरी की अवधि के लिए ब्याज का विवरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने कहा कि जिले के किसान सरकार की सट्टा नीति के तहत गन्ना समितियों के माध्यम से अपना गन्ना चीनी मिलों को आपूर्ति करते हैं। नियमानुसार चीनी मिलों को गन्ने की खरीद के बाद 14 दिनों के भीतर किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान करना होता है।उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं मिला। ऐसे में किसानों को देरी की अवधि पर देय ब्याज की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए।

विनोद कुमार बिट्टू ने बताया कि 16 जुलाई को उच्च न्यायालय ने 1996-97 से 2025-26 तक के पेराई सत्रों में 14 दिनों से अधिक की देरी से किए गए गन्ना मूल्य भुगतान पर 15% की दर से ब्याज देने का आदेश दिया था। संगठन के अनुसार, इस आदेश के आधार पर किसानों को उनके बकाया ब्याज की जानकारी वर्षवार उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

संगठन के अनुसार, 20 अगस्त को किसान अपने सट्टे से संबंधित विलंबित गन्ना भुगतान के ब्याज का वर्षवार विवरण लेने के लिए जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) कार्यालय पहुंचेंगे। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने कहा कि किसानों को ब्याज का स्पष्ट विवरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है, ताकि उन्हें यह जानकारी मिल सके कि विलंबित गन्ना भुगतान पर उन्हें कितनी ब्याज राशि मिलनी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here