बस्ती: बदलते मौसम, बढ़ती लागत और गहराते सिंचाई संकट के बीच गन्ने की खेती को मुनाफे का सौदा बनाने के लिए मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया था। उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास परिषद लिमिटेड द्वारा संचालित इस मिल के सभागार में जुटे किसानों को न सिर्फ आधुनिक खेती के गुर सिखाए गए, बल्कि उन्हें और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा (बीमा और पेंशन) के दायरे में लाने की भी मुहिम शुरू की गई।
गन्ना विकास विभाग उत्तर प्रदेश और जैन इरीगेशन सिस्टम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर के उप गन्ना आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) राजीव राय ने की। कार्यशाला में जैन इरीगेशन के स्टेट हेड रविंद्र कुमार वर्मा ने प्रोजेक्टर के जरिए किसानों को ड्रिप इरिगेशन (टपक सिंचाई प्रणाली) का लाइव मॉडल समझाया। उन्होंने बताया कि ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ के सिद्धांत पर काम करने वाली यह तकनीक पानी को सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाती है। इससे पानी और उर्वरकों (खाद) की बर्बादी रुकती है, मजदूरी का खर्च घटता है और फसल की गुणवत्ता व उत्पादन क्षमता में भारी इजाफा होता है।
बैठक में ड्रिप सिस्टम लगाने की प्रक्रिया, इस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी (सहायता) और भविष्य में होने वाले आर्थिक फायदों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों को प्रेरित किया गया कि वे परंपरागत सिंचाई छोड़कर आधुनिक तकनीक अपनाएं ताकि खेती की लागत को कम किया जा सके। इसी अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी जगभान भदौरिया की मौजूदगी में किसानों को सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए एक विशेष समन्वय बैठक भी हुई।लीड बैंक मैनेजर ने किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजना की बारीकियों से अवगत कराया।
किसानों को बताया गया कि, बेहद मामूली प्रीमियम पर वे अपने परिवार को एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच दे सकते हैं।अधिक से अधिक किसानों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह में समिति स्तर पर विशेष गोष्ठियों (बैठकों) का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। इस सफल कार्यक्रम में मुख्य गन्ना प्रबंधक रविंद्र धर द्विवेदी, गन्ना समिति मुंडेरवा के अध्यक्ष सुरेंद्र पाठक, खलीलाबाद के अध्यक्ष हरिकेश चौधरी, बस्ती के अध्यक्ष प्रदीप सिंह समेत भारी संख्या में क्षेत्र के प्रगतिशील किसान और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


















