उत्तर प्रदेश : एनसीएलटी में सरैया चीनी मिल और डिस्टिलरी के पुनरुद्धार पर सुनवाई, नवंबर तक आ सकता है बड़ा फैसला

गोरखपुर : चौरीचौरा स्थित सरैया उद्योग समूह के भविष्य का फैसला अब नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) के हाथ में है। पिछले 14 वर्षों से बंद सरैया चीनी मिल और 7 वर्षों से बंद डिस्टिलरी को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मामले की सुनवाई एनसीएलटी में जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि नवंबर तक इस औद्योगिक समूह के भविष्य पर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकता है। सरैया इंडस्ट्रीज के पुनरुद्धार के लिए स्वराज क्रांति इंफ्राटेक ने विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। कंपनी के प्रतिनिधि केएल शर्मा और उनकी टीम ने नवंबर में सरैया चीनी मिल और डिस्टिलरी का निरीक्षण कर दोनों इकाइयों की वर्तमान स्थिति तथा दोबारा संचालन की संभावनाओं का आकलन किया था।

इस प्रस्ताव को इंटरिम रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल (आईआरपी) समिति ने मंजूरी दे दी है। समिति की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव को अंतिम निर्णय के लिए एनसीएलटी में भेजा गया, जहां फिलहाल सुनवाई चल रही है। कंपनी के आईआरपी श्रवण कुमार विश्नोई ने बताया कि अब तक केवल स्वराज क्रांति इंफ्राटेक के प्रस्ताव को ही स्वीकृति देकर एनसीएलटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। गौरतलब है कि, सरैया चीनी मिल के बंद होने से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसान और श्रमिक प्रभावित हुए थे। यदि मिल और डिस्टिलरी दोबारा शुरू होती हैं, तो किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। स्थानीय लोगों और किसानों की निगाहें अब नवंबर में आने वाले एनसीएलटी के फैसले पर टिकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि स्वराज क्रांति इंफ्राटेक का प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो यह चौरीचौरा और आसपास के क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here