लखीमपुर खीरी : बजाज चीनी मिल द्वारा किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान न किए जाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को पलिया में आयोजित कांग्रेस की विशाल किसान रैली के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने गन्ना किसानों के भुगतान में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई थी।
नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि किसानों का गन्ना भुगतान समय पर नहीं किया गया, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी। इसी रैली में प्रदेश नेतृत्व ने किसानों के गन्ना भुगतान के मुद्दे पर संघर्ष और आंदोलन की जिम्मेदारी किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या को सौंपी थी।
इसके बाद से बृज मौर्या लगातार किसानों की आवाज उठाते हुए सरकार और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि किसानों को उनके गन्ने का भुगतान समय पर मिलना उनका अधिकार है और भुगतान में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं की जा सकती।


















