उत्तर प्रदेश ने 2017 से 2025-26 तक गन्ना किसानों को किया 3.23 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों के हित में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश को देश में सर्वाधिक गन्ना मूल्य भुगतान करने वाला राज्य बनाए रखा है। झी उत्तर प्रदेश झारखण्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पेराई सत्र 2025-26 के दौरान अब तक गन्ना किसानों को 31,682 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2017 से अब तक किसानों को कुल 3,23,572 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है।

गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के अनुसार, वर्ष 1995 से 2017 तक के 22 वर्षों में किसानों को कुल 2,13,519 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था। जबकि वर्तमान सरकार ने महज नौ वर्षों में इससे 1,10,053 करोड़ रुपये अधिक भुगतान कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। इसी तरह वर्ष 2007 से 2017 के बीच 10 वर्षों में किसानों को 1,47,346 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि वर्ष 2017 से अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 3,23,572 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

121 चीनी मिलों द्वारा 89.52 लाख टन चीनी उत्पादन…

प्रदेश में किसान हितैषी नीतियों का असर गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग पर भी दिखाई दे रहा है। पेराई सत्र 2025-26 में प्रदेश की 121 संचालित चीनी मिलों ने 878.12 लाख टन गन्ने की पेराई कर 89.52 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। इस दौरान किसानों को कुल देय राशि का 91.64 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।

नौ वर्षों में चीनी उद्योग का हुआ विस्तार…

मार्च 2017 के बाद प्रदेश में चार नई चीनी मिलों की स्थापना की गई, जबकि सात बंद चीनी मिलों का दोबारा संचालन शुरू किया गया। इसके अलावा 42 निजी, एक निगम और एक सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाई गई। इन प्रयासों से प्रदेश में 1,28,500 टीसीडी (टन प्रतिदिन) अतिरिक्त पेराई क्षमता विकसित हुई है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 10 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

गन्ने का रकबा और उत्पादकता दोनों बढ़े…

प्रदेश में वर्ष 2016-17 में गन्ने का कुल रकबा 20.54 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 28.61 लाख हेक्टेयर हो गया है। यानी नौ वर्षों में इसमें 39.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी अवधि में गन्ने की औसत उत्पादकता 72.38 टन प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 83.25 टन प्रति हेक्टेयर हो गई है। उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग से प्रति हेक्टेयर 10.87 टन उत्पादन बढ़ा है।

गन्ना किसानों की संख्या 48 लाख पहुंची…

प्रदेश में गन्ना किसानों की संख्या में भी लगातार इजाफा हुआ है। वर्ष 2016-17 में जहां करीब 33 लाख किसान गन्ने की खेती करते थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 48 लाख हो गई है। यानी नौ वर्षों में 15 लाख नए किसान गन्ना उत्पादन से जुड़े हैं।सरकार का कहना है कि, रिकॉर्ड गन्ना भुगतान, बढ़ते उत्पादन, विस्तारित खेती क्षेत्र और किसानों की संख्या में वृद्धि से स्पष्ट है कि राज्य में गन्ना किसानों की आय और आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर उत्तर प्रदेश आज देश में गन्ना उत्पादन और गन्ना मूल्य भुगतान दोनों क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बना हुआ है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here