उत्तर प्रदेश : गन्ना समिति गबन मामले में बड़ी कार्रवाई, 8.75 करोड़ रुपये घोटाले में लिपिक बर्खास्त

हापुड़ : सहकारी गन्ना विकास समिति हापुड़ में सामने आए 8.75 करोड़ रुपये के गबन मामले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थायी लिपिक रोहित कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोप है कि, आरोपी लिपिक ने समिति के गन्ना मूल्य खाते से कूटरचित तरीके से धनराशि अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर करोड़ों रुपये के घोटाले को अंजाम दिया। इनमें लगभग 22 लाख रुपये की धनराशि सीधे उसके खाते में स्थानांतरित किए जाने की पुष्टि हुई है।मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त राजीव राय ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कर्मचारी को पहले निलंबित किया गया था, जिसके बाद विभागीय अनुशासनात्मक जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी की रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर रोहित कुमार के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप सही पाए गए।

जांच के दौरान बैंक खातों के स्टेटमेंट, भुगतान रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की गई। इसमें सामने आया कि आरोपी ने समिति के खातों से सुनियोजित तरीके से धनराशि अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर की। इतना ही नहीं, विभागीय निगरानी से बचने के लिए समिति के बैंक खातों में एसएमएस अलर्ट के लिए अपना निजी मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, ताकि सभी लेन-देन की जानकारी सीधे उसे मिलती रहे। विभागीय जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी कर्मचारी ने अपने पद की जिम्मेदारियों का गंभीर उल्लंघन किया और उत्तर प्रदेश सहकारी गन्ना सेवा नियमावली के प्रावधानों की अनदेखी की, जिससे समिति को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचा और विभाग की छवि प्रभावित हुई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विभाग ने आरोपी की सेवाएं समाप्त करने के साथ ही गबन की गई राशि की वसूली उसके देयकों से करने के आदेश भी जारी किए हैं।गन्ना समिति हापुड़ के चेयरमैन कुनाल चौधरी ने कहा कि समिति में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW), मेरठ द्वारा भी की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने साफ कहा कि गबन की रकम का एक-एक रुपया वसूला जाएगा। गन्ना विकास विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here