उत्तर प्रदेश : गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री द्वारा अलीगढ़ में नई चीनी मिल स्थापित करने की एक बार फिर घोषणा

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के साथा क्षेत्र में नई चीनी मिल स्थापित करने की घोषणा एक बार फिर की गई है। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रविवार को कहा कि, सरकार साथा में नई चीनी मिल स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब इस परियोजना को लेकर घोषणा की गई हो।गौरतलब है कि, 25 मार्च 2025 को प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी मंत्री ने घोषणा की थी कि साथा की प्रस्तावित चीनी मिल वर्ष 2027 से पहले शुरू कर दी जाएगी। उस समय उन्होंने यह भी कहा था कि परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और आवश्यक प्रक्रियाएं चल रही हैं।

लेकिन घोषणा के एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक न तो भूमि चयन, न विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), न निवेश प्रक्रिया और न ही निर्माण कार्य शुरू होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है। ऐसे में किसानों और स्थानीय लोगों के बीच परियोजना की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मंत्री ने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, जिले के 4.10 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 1,399 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं। वहीं किसान ऋण मोचन योजना के तहत 1.11 लाख किसानों के 790 करोड़ रुपये के ऋण माफ किए गए हैं।मंत्री के अनुसार, अलीगढ़ जिले के गन्ना किसानों को अब तक 1,153 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। हालांकि, साथा चीनी मिल की घोषणा को लेकर किसान अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हैं और वे परियोजना की वास्तविक प्रगति देखना चाहते हैं।

इस अवसर पर सांसद सतीश गौतम, शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, विधान परिषद सदस्य डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. तारिक मंसूर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here