लखीमपुर खीरी: कस्ता क्षेत्र के ग्राम टिकरिया में रविवार को कुंभी चीनी मिल (बलरामपुर इकाई) द्वारा मानसून गन्ना बुवाई अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत गन्ना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह ने किसान सुरेश वर्मा और पुनीत वर्मा के खेतों में फीता काटकर की। इस अवसर पर उन्नत गन्ना प्रजाति को.शा. 20016 की बुवाई भी कराई गई। अभियान के तहत आयोजित कृषक गोष्ठी में गन्ना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर गन्ने की खेती करने और उत्पादकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर पैदावार और अधिक चीनी रिकवरी के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग आवश्यक है।
उन्होंने किसानों को चार फीट की दूरी पर एकल कतार में गन्ना बुवाई, गन्ना बीज का उचित उपचार तथा अधिक उपज और बेहतर रिकवरी देने वाली स्वीकृत गन्ना प्रजातियों का चयन करने की सलाह दी। साथ ही, भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए संतुलित उर्वरकों के उपयोग और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। गोष्ठी में उपस्थित किसानों ने आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने और अपनी आय में वृद्धि करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गन्ना विकास अधिकारी नीरज सिंह, सी.एफ.ए. धीरेन्द्र मिश्रा सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।


















