उत्तर प्रदेश : चीनी मिल में नए पेराई सत्र की तैयारियां तेज, अधिकारियों ने मरम्मत कार्यों का लिया जायजा

गोरखपुर: पिपराइच चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र 2026-27 को सफल और बाधारहित बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) पी.एन. सिंह और चीनी मिल के महाप्रबंधक नवदीप शुक्ला ने मिल परिसर का औचक निरीक्षण कर चल रहे मरम्मत एवं आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिल हाउस में पहुंचकर मशीनों की मरम्मत, नए उपकरणों की स्थापना और तकनीकी कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछले पेराई सत्र में सामने आई सभी तकनीकी खामियों को पूरी तरह दूर किया जाए, ताकि आगामी सत्र में उत्पादन प्रभावित न हो।

अधिकारियों ने इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत देते हुए समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मिल हाउस, डोगा और बॉयलर सेक्शन का भी विस्तृत जायजा लिया गया तथा रोलर मरम्मत सहित विभिन्न तकनीकी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।कार्यदायी संस्था के साइट इंचार्ज अरविंद कुमार सिंह और मुख्य रसायनज्ञ योगेश शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि मिल हाउस से संबंधित कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुके हैं। वहीं बॉयलिंग हाउस और मिंगलर सेक्शन में 20 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा टरबाइन से जुड़ा कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे अक्टूबर तक ट्रायल के लिए तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

डीसीओ पी.एन. सिंह और जीएम नवदीप शुक्ला ने कहा कि, सभी मरम्मत और तकनीकी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि पेराई सत्र शुरू होने पर किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण बनाए रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (गन्ना) श्रीधर दूबे, एजीएम शिव कुमार तिवारी, गन्ना प्रबंधक मनोज तिवारी, निंदर सिंह, महेंद्र कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर आगामी पेराई सत्र की तैयारियों को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here