बरेली: बहेड़ी चीनी मिल की पुनः नीलामी की प्रक्रिया 1 अगस्त के बाद बढ़े हुए सर्किल रेट के आधार पर शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गन्ना किसानों के साथ आयोजित बैठक में यह जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि, इस बार नीलामी में जादूनगर और टांडा की जमीन को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि, वे अधिक से अधिक संभावित बोलीदाताओं को नीलामी प्रक्रिया से जोड़ें, ताकि इस बार नीलामी सफलतापूर्वक पूरी हो सके।
डीएम ने कहा कि, बहेड़ी चीनी मिल की नीलामी पहले ही सात बार निरस्त हो चुकी है। ऐसे में इस बार व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। बैठक के दौरान किसानों ने नवाबगंज स्थित ओसवाल चीनी मिल की नीलामी का मुद्दा भी उठाया। अधिकारियों ने बताया कि मिल का मूल्यांकन कराया जा रहा है और जल्द ही नीलामी की तारीख तय की जाएगी।
बैठक में ई-पॉश मशीनों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि ई-पॉश मशीनों को अपडेट कर दिया गया है और अब खाद वितरण में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन दुकानों पर खाद का स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं दी जा रही है, उनके खिलाफ शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, निराश्रित पशुओं से फसलों की सुरक्षा और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।


















