उत्तर प्रदेश : नए पेराई सत्र 2025-26 की तैयारियों में जुटीं शामली की चीनी मिलें, मरम्मत कार्य तेज; किसानों का 172 करोड़ रुपये बकाया

शामली : आगामी गन्ना पेराई सत्र 2025-26 को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिले की चीनी मिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मशीनों की मरम्मत, तकनीकी सुधार और उपकरणों के आधुनिकीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, ताकि पेराई सत्र के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए। शामली चीनी मिल में बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन को रोकने के लिए पुरानी टरबाइनों को हटाकर नई व्यवस्था लागू की जा रही है। अब मिल में सात मेगावाट और ढाई मेगावाट क्षमता की दो टरबाइनों के सहारे पेराई कार्य संचालित होगा। इसके अलावा बिजली क्षमता बढ़ाने और संचालन को अधिक सुचारु बनाने के लिए तीन नई मोटरें भी स्थापित की जाएंगी।

शामली चीनी मिल के यूनिट हेड संजय कुमार शर्मा ने बताया कि मरम्मत का लगभग 35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि पुरानी तीन टरबाइनों की जगह नई टरबाइन और मोटरें लगाने से तकनीकी खराबियों में कमी आएगी और मिल की कार्यक्षमता बेहतर होगी। वहीं, ऊन चीनी मिल के महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया के अनुसार मिल में करीब 40 प्रतिशत मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है। दूसरी ओर, थानाभवन चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक लेखपाल सिंह ने बताया कि मशीनों की मरम्मत तेजी से जारी है और लक्ष्य है कि अक्टूबर तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।इधर, नए पेराई सत्र की तैयारियों के बीच किसानों का गन्ना भुगतान अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है। जिले की चीनी मिलों पर किसानों का कुल 172 करोड़ रुपये बकाया है। इनमें थानाभवन चीनी मिल पर 136 करोड़ रुपये और ऊन चीनी मिल पर 36 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here