हापुड़ : सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों से पिछले पेराई सत्र में हटाए गए 36 गांवों के गन्ने को लेकर मेरठ, बुलंदशहर और मोदीनगर की चीनी मिलों ने सर्वे पूरा कर लिया है। अब गन्ना आवंटन को लेकर अगले महीने केन कमिश्नर की अध्यक्षता में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इसी बैठक में यह भी तय होगा कि किन गांवों में किस चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
दरअसल, गन्ना भुगतान समेत कई अन्य समस्याओं के चलते पिछले पेराई सत्र में सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों से 36 गांवों के गन्ना क्रय केंद्र हटा दिए गए थे। इसके चलते दोनों चीनी मिलों में फरवरी माह में ही गन्ने की कमी हो गई थी और मिलें नो-केन की स्थिति में पहुंच गई थीं। अब नया पेराई सत्र शुरू होने वाला है। गन्ना विभाग ने चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि अधिकांश मिलें अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक ही शुरू हो पाएंगी। इससे पहले गन्ने में चीनी की रिकवरी का सर्वे कराया जाना बाकी है।
65 लाख क्विंटल गन्ने की हुई थी आपूर्ति
पिछले पेराई सत्र में हापुड़ के 36 गांवों से करीब 65 लाख क्विंटल गन्ना मेरठ की नंगलामल, मोदीनगर की मोदी चीनी मिल तथा बुलंदशहर की अनामिका और साबितगढ़ चीनी मिलों को भेजा गया था। इस सत्र के लिए इन चीनी मिलों ने संबंधित क्षेत्रों में गन्ने का सर्वे भी पूरा करा लिया है। जिला गन्ना अधिकारी के अनुसार, अगले महीने के मध्य में केन कमिश्नर के स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें गन्ना आवंटन पर चर्चा होगी और यह तय किया जाएगा कि किस गांव का गन्ना किस चीनी मिल को दिया जाएगा। ऐसे में सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों को इस बार कितना गन्ना आवंटित होगा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
चीनी रिकवरी का भी होगा सर्वे
इस वर्ष चीनी मिलों को जल्द शुरू कराने की तैयारी चल रही है। हालांकि, गन्ने से चीनी की रिकवरी को लेकर चुनौती बनी हुई है। फिलहाल गन्ने में पर्याप्त मिठास नहीं होने के कारण औसत के अनुरूप चीनी की रिकवरी होने की संभावना कम बताई जा रही है। चीनी मिलों की ओर से रिकवरी का सर्वे अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू कराया जाएगा।
जिले में 2386 हेक्टेयर कम हुई गन्ने की खेती
‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, हापुड़ जिले में इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 2386 हेक्टेयर कम क्षेत्रफल में गन्ने की खेती हुई है। यदि पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो गन्ने का रकबा पांच हजार हेक्टेयर से अधिक घट चुका है। गन्ने के रकबे में कमी का सीधा असर चीनी मिलों को मिलने वाली गन्ने की मात्रा पर पड़ने की संभावना है। जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि, गन्ना आवंटन को लेकर अगले महीने महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसी बैठक में यह तय होगा कि कौन से गन्ना क्रय केंद्र किस चीनी मिल से संबद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय ने गन्ने की आपूर्ति पूरी तरह रोकने पर रोक लगाई है। पिछले सत्र में हटाए गए गन्ना क्रय केंद्रों की स्थिति भी आगामी बैठक में स्पष्ट होगी।


















