लखनऊ : उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास विभाग ने सहकारी गन्ना समितियों द्वारा संचालित इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख और आधुनिक कौशल से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।विभाग ने गुरुवार को वाधवानी फाउंडेशन के स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार, उद्यमिता और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
प्रदेश की सहकारी गन्ना समितियों द्वारा संचालित नौ इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों में वर्तमान में 15,440 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। योजना के प्रथम चरण में 3,500 विद्यार्थियों को 75 से 90 घंटे का विशेष कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने के लिए ‘माइंडसेट प्रोग्राम’ संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से नवाचार, स्टार्टअप, व्यवसाय प्रबंधन, जोखिम प्रबंधन, अवसरों की पहचान और स्वरोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा, विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से जोड़ने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे डिजिटल माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।एमओयू पर वाधवानी फाउंडेशन की ओर से कार्यकारी उपाध्यक्ष सुनील दहिया तथा गन्ना विकास विभाग की ओर से अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) डॉ. वीबी सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद, अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वीके शुक्ल तथा अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) विश्वेश कनौजिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।यह पहल छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक कौशल, उद्यमिता और भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


















