मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की टिकौला शुगर मिल ने गत सत्र में 201 क्विंटल या उससे अधिक गन्ने की आपूर्ति करने वाले किसानों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए। मिल की पूर्व घोषित प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कुल 115 किसानों को पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार वितरण समारोह उप गन्ना आयुक्त, सहारनपुर मंडल ओमप्रकाश सिंह और जिला गन्ना अधिकारी, मुजफ्फरनगर, संजय सिसोदिया की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
वितरित किए गए पुरस्कारों में 100 स्प्रे मशीनें, 10 ट्रेंच प्लांटर, 4 धान प्रबंधन यंत्र और एक मिनी ट्रैक्टर शामिल रहे। मिनी ट्रैक्टर का वितरण लकी ड्रॉ के माध्यम से किया गया, जिसके विजेता ग्राम शुक्रताल निवासी ज्ञान सिंह पुत्र चंद्रपाल रहे। समारोह में रामराज समिति के सचिव, मोरना समिति के सचिव, टिकौला के ज्येष्ठ गन्ना अधिकारी, मैनेजमेंट प्रतिनिधि श्री वेदांत स्वरूप, अध्यासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम, गन्ना महाप्रबंधक, गन्ना विकास प्रबंधक तथा अन्य मिल अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों किसान भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


















