लखीमपुर खीरी : इंडस्ट्रियल एरिया छाउछ स्थित एक खांडसारी प्लांट में चोरी का मामला सामने आया है, जहां सुरक्षा गार्ड ने दो लोगों को रंगेहाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से ई-रिक्शा और चोरी की गई चीनी बरामद कर ली। बताया गया कि, मोहल्ला वाजपेई नगर निवासी वेद प्रकाश अग्रवाल के प्लांट में शुक्रवार रात कुछ लोग गोदाम से 50-50 किलो के चीनी के कट्टे चोरी कर रहे थे।
इसी दौरान गार्ड वहां पहुंच गया और ई-रिक्शा पर लदे दो कट्टों के साथ राजगढ़ निवासी दीपक और शांति नगर निवासी शंकर को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही गोदाम मालिक और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

















