हनोई : ग्रामीण इलाकों में मजदूरों की कमी और बढ़ती श्रम लागत के बीच न्घे आन के गन्ना किसान अब बड़े पैमाने पर खेती की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। सोंग कॉन शुगर कंपनी के गन्ना क्षेत्र में कई किसान अतिरिक्त जमीन पट्टे पर लेकर खेतों का एकीकरण कर रहे हैं, ताकि बड़े स्तर पर गन्ना उत्पादन किया जा सके। इससे न सिर्फ लागत कम हो रही है बल्कि खेती की उत्पादकता और लाभ भी बढ़ रहा है। क्षेत्र में छोटे और बिखरे खेतों की पारंपरिक खेती की जगह अब बड़े और एकीकृत गन्ना फार्म ले रहे हैं। किसान छोटे-छोटे टुकड़ों में खेती करने के बजाय जमीन किराये पर लेकर बड़े क्षेत्र में गन्ना उगा रहे हैं, जिससे मशीनों का उपयोग आसान हो गया है।
न्घिया डोंग कम्यून के किसान गुयेन ह्यू लॉन्ग इस बदलाव का प्रमुख उदाहरण हैं। उनके परिवार ने कई किसानों से जमीन पट्टे पर लेकर करीब 5 हेक्टेयर में एकीकृत गन्ना खेती शुरू की है। उनका कहना है कि, पहले छोटे खेतों में खेती पूरी तरह मजदूरों पर निर्भर थी, जिससे लागत ज्यादा आती थी और उत्पादन भी स्थिर नहीं रहता था। अब जमीन एक जगह होने से जुताई, बुवाई, देखभाल और कटाई तक सभी काम मशीनों से हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि, मशीनीकरण से श्रम लागत में बड़ी कमी आई है, समय की बचत हुई है और उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उनके खेतों में कई वर्षों से गन्ने की औसत पैदावार करीब 100 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंच रही है, जिससे परिवार को स्थिर आय मिल रही है।
सोंग कॉन शुगर कंपनी के बोर्ड चेयरमैन और उपनिदेशक गुयेन बा कुई का मानना है कि, गन्ना खेती को दीर्घकालिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए खेती की सोच में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों की कमी और बढ़ती लागत को देखते हुए जमीनों का एकीकरण अब समय की जरूरत बन गया है। बड़े क्षेत्र बनने से मशीनों का इस्तेमाल आसान होता है, बेहतर बीज, संतुलित उर्वरक और प्रभावी कीट नियंत्रण अपनाया जा सकता है। कंपनी के अनुसार क्षेत्र के कई किसान 5 से 7 हेक्टेयर तक जमीन पट्टे पर लेकर बड़े पैमाने पर गन्ना उत्पादन कर रहे हैं। इससे कई इलाकों में गन्ने की पैदावार 100 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गई है, जो पारंपरिक खेती की तुलना में काफी अधिक है।
सोंग कॉन शुगर कंपनी भी अपने गन्ना क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निवेश बढ़ा रही है। अप्रैल में पेराई सत्र समाप्त होने के बाद कंपनी ने नए सीजन की तैयारी के लिए अपने उत्पादन संयंत्र की मरम्मत और रखरखाव शुरू कर दिया है। कंपनी प्रोसेसिंग तकनीक को आधुनिक बनाने पर भी काम कर रही है। हालांकि, हाल में हुई भारी बारिश के कारण लगभग 200 हेक्टेयर गन्ने में तना छेदक कीट का प्रकोप देखा गया है। कंपनी ने किसानों को खेतों की नियमित निगरानी करने, समय रहते कीट की पहचान करने और तकनीकी सलाह के अनुसार दवा छिड़काव करने की सलाह दी है।


















