नई दिल्ली: केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की नवीनतम जलाशय स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, देश के प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण का स्तर पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में काफी कम दर्ज किया गया है। देशभर के 166 प्रमुख जलाशयों की निगरानी करने वाले केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, 25 जून 2026 तक इन जलाशयों में कुल 48.405 अरब घन मीटर (बीसीएम) पानी उपलब्ध था, जो उनकी कुल 183.565 बीसीएम लाइव स्टोरेज क्षमता का 26.37 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जलाशयों में 66.114 बीसीएम पानी था। इस प्रकार वर्तमान जल भंडारण पिछले वर्ष के स्तर का केवल 73.21 प्रतिशत रह गया है।
क्षेत्रवार स्थिति…
मध्य भारत (छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा। यहां के जलाशयों में 15.667 बीसीएम यानी कुल क्षमता का 32.24 प्रतिशत जल संग्रहित है, जो पिछले वर्ष के 29.29 प्रतिशत और सामान्य स्तर 26.46 प्रतिशत से अधिक है। उत्तरी क्षेत्र (हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान) में जलाशयों का भंडारण 6.066 बीसीएम यानी कुल क्षमता का 30.58 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 31.89 प्रतिशत से थोड़ा कम है।
पश्चिमी क्षेत्र (गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र) में जल भंडारण 10.862 बीसीएम यानी 28.51 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 37.69 प्रतिशत था। पूर्वी क्षेत्र (असम, बिहार, झारखंड, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल) में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां जलाशयों में 4.334 बीसीएम यानी कुल क्षमता का 19.92 प्रतिशत पानी है, जो पिछले वर्ष के 29.89 प्रतिशत से काफी कम है।दक्षिणी क्षेत्र (आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना) में जल भंडारण 11.476 बीसीएम यानी कुल क्षमता का 20.76 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 44.67 प्रतिशत था।
नदी बेसिन के अनुसार स्थिति…
रिपोर्ट के अनुसार गंगा, सिंधु, नर्मदा, माही, ताप्ती, साबरमती, गोदावरी, पेन्नार, ब्रह्मपुत्र, महानदी, पेन्नार और कन्याकुमारी के बीच पूर्व की ओर बहने वाली नदियों तथा कच्छ और सौराष्ट्र की पश्चिम की ओर बहने वाली नदियों (लूनी सहित) के बेसिन में जल भंडारण सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। वहीं ताप्ती से तदरी तक पश्चिम की ओर बहने वाली नदियों के बेसिन में जल स्तर सामान्य के करीब रहा। इसके विपरीत कृष्णा, कावेरी, ब्राह्मणी-बैतरणी, सुवर्णरेखा, बराक, महानदी और पेन्नार के बीच पूर्व की ओर बहने वाली नदियों तथा तदरी से कन्याकुमारी तक पश्चिम की ओर बहने वाली नदियों के बेसिन में जल भंडारण सामान्य से कम पाया गया। हालांकि, किसी भी नदी बेसिन को अत्यधिक जल संकट (हाईली डेफिशिएंट) की श्रेणी में नहीं रखा गया।
राज्यों की स्थिति…
रिपोर्ट के अनुसार असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में जलाशयों का जल भंडारण पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा। वहीं आंध्र प्रदेश, गोवा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में जल भंडारण पिछले वर्ष की तुलना में घट गया है।


















