पीलीभीत (उत्तर प्रदेश): राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने जनसभा में उत्तर प्रदेश सरकार, गन्ना मंत्री और चीनी मिल मालिकों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि, पीलीभीत से गन्ना मंत्री होने के बावजूद जिले के किसानों का करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान अब भी बकाया है।
वीएम सिंह ने जिला गन्ना अधिकारी (DCO) पर भ्रामक आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, अदालत में गन्ना भुगतान 60 से 64 प्रतिशत तक होने का दावा किया जाता है, जबकि दूसरी ओर किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार और चीनी मिलों से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग की।
गन्ना भुगतान में देरी के मुद्दे पर वीएम सिंह ने ‘ब्याज नहीं तो वोट नहीं’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि, किसान खेती के लिए बैंकों से कर्ज लेते हैं और उस पर नियमित रूप से ब्याज चुकाते हैं। इसके बावजूद चीनी मिलें महीनों तक गन्ने का भुगतान रोककर रखती हैं और किसानों को उनके बकाया भुगतान पर मिलने वाला कानूनी ब्याज भी नहीं देतीं।
उन्होंने कहा कि,गन्ना भुगतान पर ब्याज किसानों की कोई भीख नहीं, बल्कि उनका कानूनी अधिकार है। उनके अनुसार, संसद और विधानसभा में इस संबंध में कानून बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने भी 30 साल तक के बकाया ब्याज का भुगतान करने का फैसला सुनाया है। इसके बावजूद किसानों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है।
वीएम सिंह ने आरोप लगाया कि,चुनाव लड़ने के लिए चीनी मिल मालिकों से चंदा लेने वाले राजनीतिक दल किसानों के बकाया ब्याज का मुद्दा नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि, किसानों के बकाया गन्ना भुगतान और उस पर मिलने वाले ब्याज की लड़ाई को अब लखनऊ से दिल्ली तक मजबूती से उठाया जाएगा।
वीएम सिंह ने किसानों और ग्रामीण युवाओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने तथा ‘किसान सरकार’ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों का युवा स्वाभिमानी है और वह पैसों या किसी प्रलोभन में बिकने वाला नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि,किसानों के बकाया गन्ना भुगतान और उस पर मिलने वाले ब्याज की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।


















