पश्चिम एशिया तनाव से भारत के खाद्य तेल आयात निति में बदलाव, अब कीमत नहीं बल्कि उपलब्धता होगी प्रमुख: IVPA

नई दिल्ली: भारतीय वनस्पति तेल उत्पादक संघ (IVPA) ने कहा है कि जलवायु झटकों, भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा बाजार के प्रभाव के चलते भारत का खाद्य तेल आयात अब कीमत आधारित मॉडल से हटकर आपूर्ति आधारित मॉडल की ओर बढ़ रहा है। IVPA के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का भी वैश्विक आपूर्ति पर असर पड़ रहा है, जिससे आयात रणनीति बदल रही है। 24वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “ब्लैक सी ग्रेन.कीव-2026” में IVPA की उपाध्यक्ष भावना शाह ने कहा कि, 2026-27 में तीन प्रमुख कारक खाद्य तेल उपलब्धता को प्रभावित करेंगे—कमजोर मानसून, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक स्तर पर बायोफ्यूल की मजबूत मांग। उन्होंने कहा कि, इन परिस्थितियों के बावजूद उद्योग की मजबूत सप्लाई चेन, स्मार्ट आयात और जरूरत पड़ने पर नीतिगत हस्तक्षेप से भारत की स्थिति स्थिर बनी रह सकती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कमजोर मानसून, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, उर्वरक की कमी, गैस आधारित उत्पादन सीमाएं और बायोफ्यूल नीतियों के कारण वैश्विक पाम तेल आपूर्ति सख्त हो सकती है, जिससे खाद्य तेल महंगाई बढ़ने की संभावना है।हालांकि, भारत अधिशेष को समाहित करने वाला प्रमुख बाजार बना रहेगा, जिससे कीमतों पर कुछ नियंत्रण रहेगा।आईवीपीए के अनुसार अब खाद्य तेल अर्थव्यवस्था को भोजन, पशु आहार और ईंधन—तीनों के नजरिए से देखना होगा। बायोफ्यूल की बढ़ती मांग के कारण खाद्य तेल केवल खाद्य वस्तु नहीं रह गया है। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी होने पर वैश्विक खाद्य तेल कीमतों में भी समानांतर तेजी देखी जा रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत का खाद्य तेल आयात 15 से 17 मिलियन मीट्रिक टन के दायरे में बना हुआ है। मार्च 2026 में आयात सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1.19 मिलियन टन रहा। तेल वर्ष 2025-26 में आयात 16.5 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू उत्पादन 9.6 मिलियन टन रहने की संभावना है। आयात संरचना पर शाह ने कहा कि, सूरजमुखी तेल की मांग स्थिर रहेगी, जबकि अर्जेंटीना में आपूर्ति बाधित होने से सोयाबीन तेल की शिपमेंट में देरी हो सकती है। पाम तेल फिलहाल सस्ती कीमत के कारण आयात में प्रमुख बना रहेगा। अप्रैल 2026 के बाद सोयाबीन और पाम तेल के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है और चीनी सोयाबीन तेल भी बाजार में प्रवेश कर सकता है।

भारत अपनी खाद्य तेल जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत आयात से पूरा करता है, जिससे वह दुनिया के सबसे बड़े खरीदारों में शामिल है। सरकार द्वारा राष्ट्रीय पाम ऑयल मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन के तहत उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों के बावजूद मध्यम अवधि में आपूर्ति दबाव बना रह सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here