मुंबई : वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) ने खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) से अगस्त 2026 के बिना बिके चीनी कोटे को उठाने की समयसीमा 15 सितंबर 2026 तक बढ़ाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि, स्टॉक, बिक्री, डिस्पैच और कच्ची चीनी के आयात को लेकर सरकार द्वारा हाल में किए गए कई उपायों के कारण बाजार में अस्थिरता पैदा हुई है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में चीनी विभाग के संयुक्त सचिव अश्विनी श्रीवास्तव को भेजे पत्र में WISMA ने कहा कि, 16 से 31 अगस्त के दौरान चीनी की डिस्पैच गतिविधियां प्रभावित हुईं। संगठन के अनुसार, सरकार के हस्तक्षेपों में 10 लाख मीट्रिक टन (LMT) कच्ची चीनी के आयात का फैसला भी शामिल था।WISMA ने कहा कि, वह चीनी की कीमतों और उपलब्धता में अचानक आए उछाल से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का समर्थन करता है।
बाजार में उतार-चढ़ाव से बिक्री प्रभावित
संगठन के अनुसार, सरकार के इन उपायों के बाद बाजार की स्थिति प्रभावित हुई। पहले से बिक चुकी चीनी का उठाव करने में खरीदारों को परेशानी हुई, जबकि कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण नई खरीद भी बुरी तरह प्रभावित हुई।WISMA ने कहा कि, इसका असर चीनी मिलों की बिक्री, खरीदारों द्वारा स्टॉक उठाने और डिस्पैच गतिविधियों पर पड़ा।परिणामस्वरूप संगठन की कई सदस्य चीनी मिलें अगस्त 2026 के लिए आवंटित अपना पूरा कोटा महीने के अंत तक बेचने या डिस्पैच करने में असमर्थ रहीं।
15 सितंबर तक समय देने की मांग
WISMA ने मांग की है कि, अगस्त 2026 का जो चीनी कोटा बिक नहीं पाया या खरीदारों द्वारा उठाया नहीं गया, उसे 15 सितंबर तक उठाने की अनुमति दी जाए। संगठन ने कहा कि, यदि समयसीमा बढ़ाना संभव नहीं है तो अगस्त 2026 से संबंधित बिना बिके या बिना उठाए गए चीनी कोटे के लिए मिलों पर कोई जुर्माना या कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।WISMA ने उम्मीद जताई कि DFPD अपनी सदस्य मिलों के सामने उत्पन्न हुई वास्तविक और तत्कालीन कठिनाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा।
केंद्र के हालिया फैसलों के बीच मांग
WISMA के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे द्वारा हस्ताक्षरित यह पत्र खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव (भारत सरकार), इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (ISMA) के महानिदेशक और पुणे स्थित चीनी आयुक्त कार्यालय के चीनी आयुक्त को भी भेजा गया है। WISMA का यह अनुरोध केंद्र सरकार द्वारा चीनी व्यापारियों की स्टॉक रखने की सीमा सख्त करने और कच्ची चीनी के आयात कोटा बढ़ाने के फैसलों के कुछ दिनों बाद आया है। इन कदमों का उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को स्थिर करना है। हालांकि, उद्योग संगठनों का कहना है कि इन उपायों से अल्पावधि में चीनी के व्यापार और डिस्पैच के पैटर्न में कुछ अस्थिरता और उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसके बावजूद उद्योग सरकार के कीमत स्थिरीकरण के व्यापक उद्देश्य का समर्थन कर रहा है।


















