योगी सरकार का गन्ना किसानों के लिए मेगा सामाजिक सुरक्षा अभियान, बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ेंगे लाखों परिवार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए राज्यव्यापी मेगा अभियान शुरू करने जा रही है। 6 से 11 जुलाई तक चलने वाला यह ‘सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन मेगा अभियान’ प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में आयोजित किया जाएगा। ‘न्यूज़ 18’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस अभियान के तहत लाखों गन्ना किसान परिवारों को केंद्र सरकार की प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) शामिल हैं।

किसानों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा का लाभ…

ChiniMandi WhatsApp Channel

राज्य सरकार का कहना है कि, इन योजनाओं से जुड़ने पर किसानों और उनके परिवारों को दुर्घटना, असामयिक मृत्यु तथा वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। इससे किसानों की आय सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन मजबूत होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र गन्ना किसान परिवारों का इन योजनाओं में पंजीकरण सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक किसान परिवार आर्थिक रूप से सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बन सके। यह अभियान ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को भी आगे बढ़ाएगा।

सहकारी समितियां निभाएंगी अहम भूमिका…

अभियान के सफल संचालन में सहकारी गन्ना विकास समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। ये समितियां किसानों को योजनाओं की जानकारी देने, पात्रता की जांच करने, दस्तावेजों के सत्यापन और मौके पर ही पंजीकरण कराने में सहयोग करेंगी। सरकार का मानना है कि इससे इन समितियों की भूमिका केवल कृषि सेवाओं तक सीमित न रहकर सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ जाएगी।

गांव-गांव पहुंचेगा अभियान…

अभियान के दौरान प्रत्येक सहकारी समिति में विशेष नामांकन एवं सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर बैंकों, इफको (IFFCO), चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा। किसानों को एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, दस्तावेज सत्यापन, बैंकिंग सहायता और तत्काल पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।ग्रामीण महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को भी अभियान से जोड़ा जाएगा, जिससे महिलाओं की वित्तीय निर्णयों में भागीदारी बढ़ेगी और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी।

इसके अलावा गन्ना पर्यवेक्षक, सहकारी समितियों के सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। ग्राम सभाओं और किसान जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकतम पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here