हरारे : जिम्बाब्वे सरकार ने आज चिरेडज़ी में 10 वर्षीय जिम्बाब्वे गन्ना उद्योग विकास योजना (2026–2035) का शुभारंभ किया। इस रणनीतिक योजना का उद्देश्य देश के गन्ना उद्योग में व्यापक बदलाव लाना और विजन 2030 के तहत जिम्बाब्वे के औद्योगिकीकरण अभियान को गति देना है। इस योजना का अनावरण हिप्पो वैली कंट्री क्लब में राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा की ओर से कैबिनेट मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मंगलिसो नडलोवु, कृषि, मत्स्य, जल एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. एन्क्सियस मसुका, भूमि एवं ग्रामीण विकास मंत्री वेंजेलिस हरितातोस, राष्ट्रीय सुरक्षा राज्य मंत्री लोवमोर मातुके तथा मास्विंगो प्रांतीय मामलों और विकेंद्रीकरण मंत्री एज्रा चाडजामीरा शामिल थे।
योजना के शुभारंभ के अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मंगलिसो नडलोवु ने कहा कि, यह योजना किसानों को गन्ने की पूरी मूल्य श्रृंखला (वैल्यू चेन) से लाभ दिलाने में मदद करेगी, जो विजन 2030 के उद्देश्यों के अनुरूप है। कृषि मंत्री डॉ. एन्क्सियस मसुका ने कहा कि, यह योजना जिम्बाब्वे को क्षेत्रीय कृषि-प्रसंस्करण (एग्रो-प्रोसेसिंग) केंद्र बनाने की रणनीति के साथ पूरी तरह मेल खाती है।
मास्विंगो प्रांतीय मामलों और विकेंद्रीकरण मंत्री एज्रा चाडजामीरा ने कहा कि, इस योजना से गन्ना उद्योग का और विस्तार होगा तथा लोवेल्ड क्षेत्र की दोनों चीनी मिलें अपनी वार्षिक 6,30,000 टन स्थापित क्षमता पर पूर्ण रूप से संचालन कर सकेंगी। जिम्बाब्वे शुगर एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. सित्सी चोरुमा ने गन्ना उद्योग से आधुनिक तकनीक अपनाने और दक्षता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं, ट्राएंगल और हिप्पो वैली प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तेंदई मसावी ने कहा कि इस योजना के कारण गन्ने की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है और दोनों चीनी मिलें पूरी क्षमता से संचालन के लिए तैयार हैं।


















