हैदराबाद : तेलंगाना सरकार ने मक्का किसानों को बड़ी राहत देते हुए खरीद प्रक्रिया के तहत 1,173 करोड़ रुपये जारी किए हैं।यह राशि राज्य के करीब एक लाख किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव ने इसकी जानकारी दी।मंत्री ने बताया कि, रबी 2025-26 सीजन के दौरान राज्य सरकार ने 338 खरीद केंद्रों के माध्यम से अब तक 2.42 लाख किसानों से 13.42 लाख मीट्रिक टन मक्का की खरीद की है। तेलंगाना राज्य बनने के बाद पहली बार इतनी बड़े स्तर पर मक्का की खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि, सरकार पहले ही मक्का खरीद पर 3,757 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है, और अब अतिरिक्त 1,173 करोड़ रुपये किसानों को भुगतान के लिए जारी किए गए हैं।
थुम्मला नागेश्वर राव ने कहा कि, जब देश के कई राज्यों ने मक्का खरीद से पीछे हटने का फैसला किया और केंद्र सरकार ने भी खरीद में असमर्थता जताई, तब तेलंगाना सरकार ने किसानों के हित में आगे बढ़कर उनकी पूरी उपज खरीदने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने से नुकसान से बचाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। इसी के तहत राज्य में उत्पादित पूरा मक्का 2,400 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जा रहा है। यह खरीद मार्कफेड के माध्यम से की जा रही है।
मंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि खरीद केंद्रों पर पहले से पहुंचा मक्का ही नहीं, बल्कि आगे आने वाली पूरी फसल भी सरकार खरीदेगी। उन्होंने कहा, “किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। खरीद केंद्र पर लाया गया मक्का का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी।”उन्होंने यह भी दावा किया कि, खरीदे गए मक्का के भंडारण और प्रबंधन में सरकार ने नया रिकॉर्ड बनाया है। राज्य के भीतर गोदामों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के वेयरहाउस का भी उपयोग किया गया है।उन्होंने दावा किया की, तेलंगाना के इतिहास में पहली बार ऐसा कदम उठाया गया है।


















